मानगो फायरिंग कांड: पुलिस ने 24 घंटे में तीन अपराधकर्मियों को हथियार सहित किया गिरफ़्तार

मानगो फायरिंग कांड: पुलिस ने 24 घंटे में तीन अपराधकर्मियों को हथियार सहित किया गिरफ़्तार

जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर-09 में बीते दिन 15 जुलाई की शाम लतीफ बाबा के घर के पास एक मोड़ पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में बनी विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (गुंडा) प्रथम कर रहे थे।

घटना में वादी मोहम्मद अली पर जान से मारने की नीयत से अपराधियों ने गोली चलाई थी। पहले इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी, लेकिन जांच के क्रम में सूचना सही पाई गई।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधियों में शाहिद अली उर्फ काला बाबू, मो० महबूब उर्फ टीकू, फैसल अख्तर शामिल है।

पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त तीन 7.65 एमएम पिस्टल, कुल 13 जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फायरिंग की घटना आपसी विवाद के कारण हुई थी। वादी के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अपराधियों का पुराना इतिहास भी उजागर
शाहिद अली उर्फ काला बाबू के विरुद्ध पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, घर में घुसकर मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले शामिल हैं। वहीं मो० महबूब उर्फ टीकू पर भी 2017 में दर्ज कई संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज हैं, जिसमें हत्या का प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने कहा कि जमशेदपुर को अपराधमुक्त बनाना प्राथमिकता है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई