दिल्ली में 2 लाख से ज्यादा ई-रिक्शा चालकों पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा,कटा चालान, धनबाद में कब गिरेगी गाज?
नयी दिल्ली : दिल्ली की सड़कों पर बेपरवाह ई-रिक्शा चालकों की अब खैर नहीं है। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के जमकर चालान काटे हैं।
दिल्ली की सड़कों पर बेपरवाह ई-रिक्शा चालकों की अब खैर नहीं
ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 1 जनवरी से 15 जून तक कुल 2,30,617 चालान काटे गए हैं। इनमें से 2,12,478 मौके पर चालान किए गए, जबकि 18,139 चालान ट्रैफिक कैमरों के जरिए भेजे गए हैं।
अखिर क्यों कटा ई-रिक्शा चालकों का चालान
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सबसे ज्यादा चालान गलत और बाधा पहुंचाने वाली पार्किंग के लिए काटे गए। 1,40,776 चालान ऐसे मामलों में जारी हुए, जहां ई-रिक्शा नो-पार्किंग जोन में खड़े मिले या मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक को रोकते हुए पकड़े गए।
‘नो एंट्री’ टाइम में घुसने पर 33,597 चालान, बिना लाइसेंस ड्राइविंग पर 13,962 चालान, और अनधिकृत लोगों को रिक्शा चलाने देने पर 7,286 चालान जारी हुए।
इसके अलावा, खतरनाक और लापरवाह तरीके से चलाने पर 4,657 चालान, बिना इंश्योरेंस गाड़ी चलाने पर 4,649, और ट्रैफिक के खिलाफ दिशा में चलने पर 3,749 चालान किए गए।
कैमरों की मदद से भी की जा रही निगरानी
1,260 से ज्यादा ई-रिक्शा गंभीर नियम उल्लंघन की वजह से जब्त भी किए गए हैं, जिनमें शराब पीकर गाड़ी चलाना, दस्तावेज न दिखाना जैसी बातें शामिल हैं। कैमरों की मदद से भी निगरानी की जा रही है। 16,968 चालान केवल गलत पार्किंग पर कैमरा सर्विलांस से हुए हैं। इसके अलावा 997 चालान ट्रैफिक के विपरीत दिशा में चलने पर मिले।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का बयान
ट्रैफिक पुलिस के स्पेशल कमिश्नर अजय चौधरी ने कहा, ‘हम ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सख्त हैं, ताकि शहर की सड़कें सुरक्षित और सुचारु रूप से चलती रहें।’
एडिशनल कमिश्नर सत्यवीर सिंह कटारा ने भी कहा कि छोटी-छोटी ट्रैफिक गलतियां बड़ी परेशानी बन सकती हैं, इसलिए हमारी टीम हर दिन सड़कों पर सक्रिय है।
वहीं डीसीपी ट्रैफिक शशांक जायसवाल ने कहा कि नियमों की अनदेखी से ट्रैफिक जाम और हादसों की आशंका बढ़ती है, इसलिए लगातार चालान और कड़ी कार्रवाई जारी है।





