PM JANMAN अभियान के तहत प्रथमी सबर बनीं महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा, खेती से बदली जीवन की दिशा
प्रधानमंत्री जनजातीय सशक्तिकरण “PM JANMAN” अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों (PVTG) के सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे प्रयासों के बीच पटमदा प्रखंड की प्रथमी सबर एक मिसाल बनकर सामने आई हैं।
धुसरा ग्राम की निवासी प्रथमी सबर, जो एक आदिम जनजातीय परिवार से आती हैं, वर्ष 2021 में “धुसरा आजीविका महिला सबर समिति” नामक स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ीं। PM JANMAN अभियान के तहत उन्हें SHG के माध्यम से वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्रदान की गई, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने सिर्फ ₹2000 के ऋण से 10 डिसमिल भूमि पर टमाटर की खेती प्रारंभ की। इस पहल से उन्हें ₹15,000 की आय प्राप्त हुई, जिससे उनके आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
अब प्रथमी वर्ष 2025 में 20 डिसमिल भूमि पर खेती का विस्तार करने जा रही हैं और साथ ही वे अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं कि वे कृषि को आय का साधन बनाएं। प्रथमी अब उन्नत खेती, सब्जियों की विविधता और स्थानीय बाजार से सीधी बिक्री की योजना बना रही हैं।
PM JANMAN के अंतर्गत जिले में PVTG परिवारों की आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इस अभियान ने न केवल जनजातीय परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार किया है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।






