जल संयोजन के 4.5 लाख रुपए लौटाएंगी चार जलसहिया, वेतन के आश्वासन पर काम पर लौटे ऑपरेटर

जल संयोजन के 4.5 लाख रुपए लौटाएंगी चार जलसहिया, वेतन के आश्वासन पर काम पर लौटे ऑपरेटर

खलारी: खलारी प्रखंड की चार पंचायतों की जलसहियाएं जल संयोजन (कनेक्शन पंजीकरण) के मद में उपभोक्ताओं से प्राप्त 4 लाख 50 हजार रुपए की राशि लौटाएंगी। खलारी के पांच पंचायतों में जलापूर्ति ठप होने के बाद शुक्रवार को प्रखंड जल समिति के सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार ने एक आवश्यक बैठक बुलाई।
ज्ञात हो कि बुकबुका स्थित पांच पंचायतों को जलापूर्ति करने वाले फिल्टर प्लांट के ऑपरेटरों को पिछले दस महीनों से वेतन नहीं मिला था, जिसके कारण उन्होंने हड़ताल कर दी थी। इस वजह से 1 मई से प्लांट बंद हो गया और जलापूर्ति पूरी तरह से रुक गई थी। आवश्यक सेवा बाधित होने की इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में बहुग्रामीण जलापूर्ति समिति में शामिल पंचायतों के मुखिया, संबंधित पंचायतों की जलसहियाएं और विभागीय अभियंता उपस्थित थे। बीडीओ संतोष कुमार ने सबसे पहले सभी जलसहियाओं को उपभोक्ताओं से ली गई जल संयोजन की राशि तत्काल जमा करने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में मौजूद एकमात्र जलसहिया सीता देवी ने तुरंत बकाया राशि में से एक ऑपरेटर के वेतन के लिए भुगतान कर दिया। अन्य जलसहियाओं को भी राशि जमा करने के लिए समय सीमा दी गई है। बुकबुका की जलसहिया मंजू देवी को एक महीने के भीतर 1 लाख 50 हजार रुपए, खलारी की जलसहिया अनिता लकड़ा को एक महीने के अंदर 1 लाख 40 हजार रुपए और हुटाप की जलसहिया को 15 दिनों के भीतर 1 लाख 20 हजार रुपए जमा करने का निर्देश दिया गया है। चूरी दक्षिणी पंचायत के चूरी ग्राम की जलसहिया गीता देवी पर 30 हजार रुपए बकाया है, जिन्हें ब्याज सहित 52 हजार रुपए जमा करने के लिए कहा गया है। इस मामले में भूतपूर्व मुखिया लालजी मुंडा से भी कारण पृच्छा किया जाएगा। चूरी दक्षिणी के होयर ग्राम की जलसहिया कविता देवी बैठक में अनुपस्थित रहीं, और उन पर भी जल संयोजन के 30 हजार रुपए बकाया हैं। सभी को निर्धारित समय सीमा के भीतर पैसे नहीं लौटाने पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता दीपांकर, खलारी पंचायत की मुखिया तेजी किस्पोट्टा, बुकबुका मुखिया पारसनाथ उरांव, चुरी दक्षिणी मुखिया मलका मुंडा, चुरी मध्य मुखिया सुनीता देवी, एसबीएम के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रमोद कुमार सहित अन्य जलसहियाएं उपस्थित थीं।

ऑपरेटरों को जल्द मिलेगा दो महीने का वेतन

बीडीओ संतोष कुमार ने हड़ताली ऑपरेटरों को भी चेतावनी दी कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा को बाधित नहीं किया जा सकता है। उन्होंने प्लांट को तुरंत चालू करने का निर्देश देते हुए ऑपरेटरों को आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द ही दो महीने का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही धनराशि उपलब्ध होगी, शेष बकाया वेतन भी जारी कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ऑपरेटर काम पर लौट आए हैं।
पंचायत सचिवों को मिली जल-कर वसूली की जिम्मेदारी जलसहियाओं पर पैसे के गबन के आरोप लगने के बाद, बीडीओ ने संबंधित पंचायतों के पंचायत सचिवों को जल-कर वसूली की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, बहुग्रामीण जलापूर्ति समिति अपना कार्य पहले की तरह करती रहेगी। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि जो उपभोक्ता मासिक जल-कर का भुगतान नहीं करेंगे, उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बकाया वसूली के लिए पहले नोटिस जारी किया जाएगा और उसके बाद भी यदि मासिक जल-कर का भुगतान नहीं किया जाता है तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इसके अतिरिक्त, यदि कोई जलसहिया जल संयोजन की राशि लौटाने के निर्देश का पालन नहीं करती है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होती है, तो उसकी जगह नई जलसहिया का चयन किया जाएगा।

पंप ठीक होते ही शुरू होगी जलापूर्ति

करंजतोरा स्थित संप के पंप में आई मामूली तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया गया है। पंप की हाल ही में मरम्मत कराई गई थी और शनिवार को इसे पूरी तरह से ठीक कर लिया गया है। उम्मीद है कि रविवार से जलापूर्ति फिर से शु

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई