Jharkhand: निरसा में कार की टक्कर से ऑटो पलटा, एक ही परिवार के 11 लोग घायल

Jharkhand: पिकनिक मनाकर ऑटो से घर लौट रहे एक ही परिवार के चार बच्चों समेत 11 लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना सोमवार की शाम निरसा के जीटी रोड स्थित एसबीआई एटीएम के पास हुई। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ऑटो चालक समेत पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायल बस्ताकोला के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि लक्ष्मी देवी (60 वर्ष), उनकी बेटी सीता देवी (32 वर्ष), अर्पण कुमारी (24 वर्ष), सीमा देवी का बेटा विशाल (16 वर्ष) व बेटी सुप्रिया (21 वर्ष), मधु (20), पीहू (3 वर्ष) समेत तीन अन्य बच्चे सुबह ऑटो से मैथन गए थे। पिकनिक मनाकर सभी शाम को लौट रहे थे। इसी बीच निरसा में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी।

इस टक्कर से ऑटो आगे जा रहे दूसरे ऑटो से टकराकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक चंदन (35 वर्ष), सीता देवी, अर्पण कुमारी, विशाल व सुप्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके सिर, चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें हैं। घटना के बाद इन पांचों को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनकी हालत गंभीर है। बाकी को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां इमरजेंसी में पीहू, मधु और लक्ष्मी देवी का इलाज चल रहा है। बाकी तीन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई