केरला ब्लास्टर्स को हराकर जमशेदपुर एफसी फिर से शीर्ष छह में आई
जमशेदपुर, 29 दिसंबर: जमशेदपुर एफसी ने रविवार को अपने घरेलू मैदान जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स एफसी को 1-0 से हरा दिया। जमशेदपुर एफसी की जीत में सेंटर-बैक प्रतीक चौधरी ने 61वें मिनट में एकमात्र गोल किया। जमशेदपुर एफसी के नाइजीरियाई सेंटर-बैक स्टीफन एज़े को एकमात्र गोल में सहायता देने और डिफेंस में मजबूती दिखाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आज रेड माइनर्स की घर पर संघर्षपूर्ण जीत से मुख्य कोच खालिद जमील निश्चित रूप से प्रसन्न होंगे। जमशेदपुर एफसी 12 मैचों में सात जीत और पांच हार से 21 अंक लेकर तालिका में आठवें से चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, ब्लास्टर्स द्वारा बेहतर खेल दिखाने के बावजूद मिली हार से अंतरिम मुख्य कोच टी.जी. पुरुषोत्तमन जरूर निराश होंगे। केरला ब्लास्टर्स एफसी 14 मैचों में चार जीत, दो ड्रा और आठ हार से 14 अंक लेकर तालिका में 10वें स्थान पर बनी हुई है।
मैच का एकमात्र गोल 61वें मिनट में आया, जब सेंटर-बैक प्रतीक चौधरी ने जमशेदपुर एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। बायीं तरफ से मिली कॉर्नर किक पर जापानी मिडफील्डर रे ताचिकावा ने हवाई रास्ते से क्रॉस बॉक्स के अंदर पहुंचाया, जिसे गोलकीपर सचिन सुरेश ने पंच जरूर किया लेकिन गेंद बॉक्स के अंदर बनी रही जिसे विंगर कोरू सिंह भी क्लीयर नहीं करा पाए और गेंद फिर हवा में चली गई, जिसे सेंटर-बैक स्टीफन एज़े ने हैडर करके प्रतीक के लिए मौका बनाया, जिन्होंने करारा राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को लेफ्ट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया जबकि सचिन दाहिनी तरफ डाइव लगाकर भी बचाव नहीं कर पाए।
बेहद नीरस रहा पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ, क्योंकि दोनों ही टीमें मिडफील्ड बैटल में उलझती नजर आईं और बार-बार गेंद गंवाती रहीं, जिस कारण गतिरोध तोड़कर बढ़त बनाने कोई भी सफल नहीं हुआ। लिहाजा, हाफ टाइम ब्रेक पर स्कोर 0-0 था। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण केरला ब्लास्टर्स एफसी का 56 फीसदी रहा। लेकिन ब्लास्टर्स ने चार प्रयास किए और एक शॉट टारगेट पर रखा लेकिन गोल नहीं आया। वहीं, गेंद पर 44 फीसदी कब्जा रखने वाली जमशेदपुर एफसी की तरफ से पांच प्रयास किए गए, जिनमें से तीन शॉट टारगेट पर रहे, लेकिन गोल नहीं आया। लिहाजा, दोनों टीमों के अटैकिंग थर्ड एवं विपक्षी बॉक्स के अंदर विफल रहने से दोनों गोलकीपरों एल्बिनो गोम्स (जमशेदपुर एफसी) और सचिन सुरेश (केरला ब्लास्टर्स एफसी) को ज्यादा टेस्ट नहीं किया जा सका।
यह आईएसएल में इन दोनों टीमों के बीच 17वां मुकाबला था और आज जमशेदपुर एफसी ने चौथी बार जीत हासिल की है जबकि केरला ब्लास्टर्स ने पांच मैच जीते हैं। आठ मैच ड्रा रहे हैं।






