आलोक हत्याकांड का खुलासा, कदमा गोलीकांड मामले में SIT ने 48 घंटे के भीतर किया मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार
कदमा थाना क्षेत्र में 18 दिसंबर 2024 को हुए गोलीकांड में SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) ने 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मृतक आलोक कुमार भगत की हत्या के आरोप में पुलिस ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। घटना की प्राथमिकी वादी मनोज कुमार भगत ने कदमा थाना में दर्ज कराई थी। इसमें शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 निवासी 6 लोगों को आरोपी बनाया गया। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आकाश सिंह उर्फ छोटू बच्चा (23), विशाल कुमार उर्फ भीक बाबा (21), पंकज साव (19), शक्ति विगर और विकास सिंह को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 देसी कट्टा, 1 जिंदा गोली और 3 खोखे बरामद किए गए। मुख्य आरोपी आकाश सिंह उर्फ छोटू बच्चा का आपराधिक इतिहास पहले से भी रहा है। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। छापेमारी में पुलिस उपाधीक्षक श्री निरंजन कुमार तिवारी और श्री मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया। टीम में थाना प्रभारी संजय सुमन, कुमार सरयू आनंद, तकनीकी शाखा के अधिकारी प्रेमकांत मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी और गृहरक्षक शामिल थे। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। यह घटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कानून व्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। आगे सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






