जनजातीय क्षेत्रों में बिखरी सांस्कृतिक विरासतों पर लिखें आलेख और जीतें पुरस्कार
जमशेदपुर, 4 जुलाई. हमारे देश के पौराणिक इतिहास में दो कथाएं ऐसी हैं, जिन पर जितना शोध किया जाए, उतना कम होगा. विशेष कर श्रीरामचरित मानस में भगवान श्रीराम का चौदह वर्षों का वन गमन एवं महाभारत में पांडवो का तेरह वर्षों का वनवास काल आज भी कई रहस्यों को स्वयं में समेटे हुए है. अखंड भारत के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां इन दोनों कथाओं से संबंधित स्थल मौजूद हैं. विशेष कर ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल एवं बिहार के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रामायण महाभारत काल के पौराणिक इतिहास के कई साक्ष्य मौजूद हैं. उदाहरण के तौर पर जिला पुरुलिया में अजोध्या हिल पर अवस्थित पवित्र सीता कुंड, जिला सरायकेला खरसावां के भीमखांदा में पांडवो की रसोई और भीम के पद चिन्ह, गिरिडीह के झारखंडधाम में प्रभु राम और अर्जुन द्वारा स्थापित दो शिवलिंग, पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में भगवान श्रीराम के पदचिह्न, गोईलकेरा प्रखंड के हिडबंवन में बर्बरीक का जन्मस्थल, रांची के सेन्हा प्रखंड में माता सीता के पदचिह्न, जलेश्वर धाम में राम लक्ष्मण के पदचिह्न, गुमला जिले के आंजन गांव में हनुमान जी का जन्मस्थल जैसे कई पौराणिक स्थल मौजूद हैं.
यदि आपको अपने आस पास ऐसे ही किसी पौराणिक स्थल की जानकारी हो तो उस पर लिख भेजें. उपरोक्त आलेख अधिकतम 500 शब्दों का होना चाहिए. यूनिकोड में टाईप किया हुआ होना चाहिए. विद्यादीप फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी आलेखों को लेखन सहभागिता पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे. सर्वश्रेष्ठ पंद्रह आलेखों को रुपए दो – दो हजार की नगद राशि प्रदत्त की जाएगी. सर्वश्रेष्ठ आलेखों का चयन निर्णायक समिति करेगी. जिसका मानक तय किया गया है कि आलेख में पौराणिक स्थल का स्पष्ट पता थाना, प्रखंड व जिला का नाम लिखा हो. प्रमाणिकता के लिए संदर्भ अंकित हो. आलेख के साथ स्थल की दो तीन फोटो सलंग्न हो. यदि उपरोक्त स्थल में शिलापट्ट पर मंदिर के इतिहास से संबंधित जानकारी प्रकाशित हो, तो उस शिलापट्ट या दीवार लेखन की स्पष्ट पढ़ने लायक फोटो सलंग्न करें. अपना आलेख संदीप मुरारका, नया बाजार, हाट बाजार, पोस्ट जुगसलाई, जमशेदपुर 831006, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड के पते पर प्रेषित करें. अथवा foundationvidhyadeep@gmail.com पर ईमेल करें या 9431117507 पर वाहट्सएप्प करें. आलेख के ऊपर प्रतिभागी अपना नाम, पता एवं फोन नंबर अंकित करें. ताकि परिणाम की सूचना प्रेषित की जा सके. प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 25 जुलाई, 2024 है.






