अंतिम मतदाता तक मतदान का संदेश पहुंचाने की पहल, सिदगोड़ा टाउन हॉल में विभिन्न एसोसिएशन, एनजीओ, इंफ्लूएंशर, बैंक, स्कूल, सहिया, पीडीएस डीलर आदि के साथ की गई बैठक
पूर्वी सिंहभूम जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के शत प्रतिशत मतदाता मतदान करें इस उद्देश्य में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार सिदगोड़ा टउन हॉल में विभिन्न एसोसिएशन, एनजीओ, इंफ्लूएंशर, बैंक, स्कूल, सहिया, पीडीएस डीलर के बीच मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाते हुए जन जन तक मतदान का संदेश पहुंचाने की अपील की गई । कार्यक्रम में शामिल उप विकास आयुक्त सह वरीय पदाधिकारी स्वीप कोषांग श्री मनीष कुमार ने सभी से अपील किया कि अपने परिजनों के साथ-साथ पड़ोसियों, कर्मचारियों को भी वोट डालने बूथ तक लें जायें ।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि अच्छे मतदान के लिए आवश्यक है कि पुरूष एवं महिला दोनों की भागीदारी हो। ’25 को 25 के साथ’, ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’, ‘वोट करेगा जमशेदपुर- 25 मई 2024’ के थीम पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मतदान प्रक्रिया समेत मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया। सभी से अपील की गई कि अपने साथ अपने सगे-संबंधी, पड़ोसियों को भी बूथ पर जाकर मतदान के लिए प्रेरित करें । बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों के लिए वॉलंटियर के साथ व्हीलचेयर की सुविधा रहेगी, रैम्प, पेयजल, शौचालय, गर्मी से बचाव हेतु शेड भी बनाये गए हैं। जमशेदपुर के जागरूक मतदाताओं से अपील है कि अपने मत का प्रयोग जरूर करें और लोकतंत्र की मजबूती में अपना योगदान दें।





