सोनारी, आबकारी विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए साकची के एक शराब दुकान कर्मचारी को अवैध शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अनिरुद्ध सिंह है जो साकची कालीमाटी रोड स्थित सरकारी शराब दुकान में कार्यरत था। आरोप है कि वह अपने आवास पर नकली और अवैध शराब बनाकर, उसे बोतलबंद कर विभिन्न इलाकों में बेचता था। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिरुद्ध सिंह अपने घर पर अवैध शराब का कारोबार चला रहा है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने उसके घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।सहायक उत्पाद आयुक्त राम लीला रब्बानी ने बताया कि अनिरुद्ध सिंह के दो बेटे भी इसी धंधे में पहले से जेल में हैं। अनिरुद्ध सिंह से लगभग एक लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की गई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जमशेदपुर आबकारी विभाग की एक बड़ी सफलता है। विभाग लगातार अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इस सफलता से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






