घरों तक कूड़ा उठान की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी
शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की नई व्यवस्था होने जा रही है. घरों तक कूड़ा उठान की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी. एक से तीन जोन तक दिल्ली और जोन चार से बरेली की फर्म को कूड़ा उठान की जिम्मेदारी सौंपी है. यह एजेंसियां इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तैयार करेंगी, जिसमें डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लगे हर वाहन की मॉनीटरिंग की जाएगी. इससे लोगों के घरों से होने वाले कचरा के उठाव की प्रक्रिया की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सकेगी.
कमांड सेंटर में हर कूड़ा उठाव गाड़ी का पूरा विवरण मौजूद रहेगा. ये गाड़ियां किस तरफ आ-जा रही हैं, इसकी पूरी जानकारी मिलेगी. कूड़ा गाड़ियों को जीपीएस से लैस किया जाएगा. इसके अलावा हर घर पर एक डिवाइस लगाई जाएगी. जब तक संबंधित घर तक कूड़ा गाड़ी नहीं आएगी तब तक यह डिवाइस कंट्रोल सेंटर को कूड़ा उठाव का डाटा नहीं उपलब्ध कराएगा. ऐसे में अगर किसी मोहल्ले की किसी गली या घर तक कूड़ा गाड़ी नहीं जाती है तो संबंधित ड्राइवर से कारण पूछा सकता है. नगर निगम ने चारों जोन में एक से तीन जोन तक आरुषी हाईजीन एंड केयर प्राइवेट लिमिटेड और चार जोन की जिम्मेदारी पीपीपी सिक्योरिटी इम्प्लॉयज सर्विस को सौपी है.






