लखनऊ: यूपी पुलिस की असिस्टेंट ऑपरेटर भर्ती परीक्षा से राजकुमार को चिनहट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने उम्र निकलने बाद नाम बदल कर दोबारा से हाईस्कूल-इण्टर की परीक्षा दी थी। इसके साथ ही फर्जी आधार कार्ड भी तैयार करा लिया था। वहीं, कृष्णानगर पुलिस ने भर्ती परीक्षा में बैठे साल्वर मयंक यादव को गिरफ्तार किया। जिसने परीक्षा देने के बदले 50 हजार रुपये लिए थे।बुधवार को सेकेंड शिफ्ट में असिस्टेंट ऑपरेटर की परीक्षा थी। जिसमें फिरोजाबाद नंगला गिरधारी निवासी राजकुमार शामिल हुआ। कक्ष निरीक्षक को चेकिंग के दौरान राजकुमार के पास से दो आधार कार्ड मिले। एक में राजकुमार और दूसरे में राजेश यादव लिखा हुआ था। वहीं, फोटो एक ही व्यक्ति की थी। संदेह होने पर चिनहट पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि परीक्षार्थी से पूछताछ किए जाने पर फर्जीवाडा कर दस्तावेज बनाए जाने का पता चला।
उन्होंने बताया कि राजकुमार की सही जन्मतिथि सात अप्रैल 1990 है। उसने वर्ष 2005 में हाईस्कूल और 2007 में इंटर की परीक्षा पास की थी। नौकरी नहीं मिलने पर आरोपी ने राजेश यादव के नाम से वर्ष 2013 में हाईस्कूल और 2017 में इण्टर की परीक्षा दी। इसके साथ ही राजेश यादव के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा लिया। जिसका इस्तेमाल कर आरोपी ने असिस्टेंट ऑपरेटर परीक्षा का फार्म भी भरा था।
इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के मुताबिक आश्रम रोड स्थित सिटी मॉडर्न एकेडमी में असिस्टेंट ऑपरेटर पद की परीक्षा थी। बुधवार को इस दौरान सेंटर प्रभारी प्रियंका सोनी ने चेकिंग के दौरान आगरा विजयगड़ी निवासी सिरदीप की जगह परीक्षा देने का प्रयास करते हुए फिरोजाबाद मत्सेना निवासी मयंक यादव को पकड़ा। बॉयोमीट्रिक मिलान नहीं होने पर प्रियंका को परीक्षार्थी पर संदेह हुआ था। सेंटर प्रभारी ने सॉल्वर के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी कृष्णानगर पुलिस को दी थी। इस पर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पूछताछ में मयंक ने बताया कि 25 हजार रुपये लेकर वह सिरदीप की जगह परीक्षा में बैठा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर परीक्षार्थी की तलाश की जा रही है।






