प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम(कोल्हान) श्री मनोज कुमार और उप विकास आयुक्त ने पूर्वी कीताडीह पंचायत में आयोजित ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का किया निरीक्षण*
*पंचायत स्तरीय शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन का दिया गया निर्देश
प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम (कोल्हान) श्री मनोज कुमार और उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार ने पंचायत सचिवालय, पूर्वी कीताडीह में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में लगाये गये विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। इसके अलावा विभिन्न लाभुकों के बीच कंबल, मुख्यमंत्री कन्यादान, सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का स्वीकृति पत्र दिया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्री दीपू कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल ने अपने संबोधन में कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार का यह तीसरा संस्करण है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक उनके द्वार पर जाकर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले लाभार्थी ब्लॉक का और जिले के चक्कर काटते थे। माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी ने उस स्थिति से आप सबों को उबारा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आप अपने पोषक क्षेत्र के गांव में व पंचायत में कैंप लगाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सारे योजनाओं का लाभ प्रदान करें। उसी क्रम में यह एक महीने का कार्यक्रम है, एक महीने तक जिले के विभिन्न गांव में, पंचायत में इस तरह के कैंप लगाए जा रहे हैं। इनमें आपका रजिस्ट्रेशन होगा और योजना या समस्या से संबंधित एप्लीकेशन देने के उपरांत ऑन द स्पॉट लाभ देने या समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जायेगा। यह सरकार की तरफ से एक बहुत बड़ा प्रयास है और आप तमाम लोगों को इसका फायदा उठाने अनुरोध है। इन सभी योजना का आप स्वयं लाभ उठाएं और अपने अगल-बगल और गांव के लोगों को भी उत्प्रेरित करें । कैंप में आकर आपकी जो समस्या है या विभिन्न योजनान्तर्गत जो लाभ है उससे अपने आप को जागरूक करें और स्वयं को लाभान्वित करें। इस साल अबूआ आवास योजना जैसी बहुत ही शानदार योजना है। इस योजना के तहत आप अपना घर बना सकते हैं। और अलग अलग योजनाओं के कन्वर्जेंस से अपना टॉयलेट और पानी का कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। यहां पर अभी इलेक्शन आने वाले हैं, तो आग्रह है कि जो बच्चों 18 साल के हो चुके हैं या ज्यादा उम्र के हैं और जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है वह भी अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म नम्बर 6,7 और 8 के माध्यम से दे सकते हैं। अगर किसी का नाम छूट गया है या किसी का देहांत हो गया है या यहां से माइग्रेट हो गए हैं और नाम हटाना चाहते हैं तो वे कैंप में निर्वाचन विभाग के स्टाल में फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं और उसे भर कर वहीं उसको सबमिट भी कर सकते हैं।
उक्त मौके पर उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार ने ग्रामीणों को जागरूक होने और सरकार के योजनाओं का लाभ उठाने का अपील किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम’ के जरिए आप सभी को राज्य सरकार की सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जायेगी। इसके तहत झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत नये ग्रीन राशन कार्ड, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लिए आवेदन, सर्वजन पेंशन योजना के लिए आवेदनों, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लिए आवेदन समेत अन्य योजनाओं का लाभ सुयोग्य लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर जांच के बाद दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि सभी शिविरों में मेडिकल कैंप भी लगाया गया है जिसमे आप सभी अपना मेडिकल जांच करवा सकते हैं। जांच में किसी भी तरह की दिक्कत पाई जाने पर उसका चिकित्सा सहायता अनुदान योजना के तहत लाभ दिया जायेगा। उन्होंने आम जनों से अपील करते हुए कहा कि वो अपने पंचायत में आयोजित होने वाले शिविरों में स्वयं हिस्सा लें और दूसरों को हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें जिससे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से अधिकाधिक लोग लाभान्वित हो पाएं।






