जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त ने मनरेगा एवं आईटीडीए अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की, विकास कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
सभी प्रखंडों को मानव दिवस सृजन में वृद्धि का निर्देश, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया गया बल
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार जिले में मनरेगा एवं आईटीडीए विभागीय अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं में प्रगति की समीक्षा बैठक उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार द्वारा की गई । वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आहूत बैठक में सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता / कनीय अभियंता / सभी ग्राम रोजगार सेवक ऑनलाइन जुड़े । जिला कल्याण पदाधिकारी श्री राजेश पांडेय, अरविन्द बेदिया बैठक में उपस्थित रहे।
मनरेगा की समीक्षा में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत अब तक शत प्रतिशत घेरान एवं CPT का कार्य पूर्ण नहीं किये जाने पर उप विकास आयुक्त ने अप्रसन्नता जाहिर की। सभी प्रखण्डों को पौधों को नष्ट होने से बचाने के लिए घेरान एवं CPT के महत्व बताते हुए दिनांक 20.10.2023 तक इसे अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। बांस बागवानी हेतु पौधारोपण में तेजी लाने का निदेश दिया गया। पंचायत स्तर पर ग्राम रोजगार सेवक की जवाबदेही निर्धारित की गई।
बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन योजना अंतर्गत प्रखण्डों को दिये गये लक्ष्य की समीक्षा की गई जिसमें प्रखण्ड डुमरिया, घाटशिला, धालभूमगढ़, गोलमुरी-सह- जुगसलाई व बहरागोड़ा की प्रगति संतोषजनक पायी गयी। प्रखण्ड बोड़ाम, पटमदा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा, चाकुलिया एवं पोटका के प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता को स्पष्टीकरण करने का निदेश दिया गया।
सभी प्रखण्डों को 85% से 100% व्यय वाली योजनाओं को प्रति प्रखण्ड 100-100 योजनाओं को दिनांक 15.10.2023 तक पूर्ण करने का निदेश दिया गया। विशेष रूप से नाडेप सोकपीट, दीदी बाड़ी योजना को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने की बात कही गई। रिजेक्टेड ट्रांजेक्शन को भी 12.10.2023 तक अनिवार्य रूप से क्लियर करने का निदेश दिया गया।
मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति नहीं पाये जाने पर ग्राम रोजगार सेवक एवं प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी को प्रति ग्राम में 5-5 योजनाओं का क्रियान्वयन कराते हुए मानव दिवस सृजन वृद्धि का निदेश दिया गया। साथ ही इसमें महिलाओं की भागीदारी पर बल दिया गया।
समेकित जनजातीय विकास अभिकरण(आटीडीए) की समीक्षा में उप विकास आयुक्त द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 एवं 2022 – 23 में कल्याण विभागीय योजनाओं की समीक्षा कनीय अभियंता, आई०टी०डी०ए० / सहायक अभियंता, एन०आर०ई०पी० / कार्यपालक अभियंता, एन०आर०ई०पी०/ परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर एवं वी०सी० के माध्यम से सभी अंचल अधिकारी / सभी प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी / सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी / जिला शिक्षा पदाधिकारी / जिला शिक्षा अधीक्षक के साथ की गई।
साईकिल डीबीटी योजना हेतु सभी प्रखण्डों से पत्राचार करने का निदेश दिया गया ताकि सभी सुयोग्य छात्र-छात्राओं को चिन्हित करते हुए योजना से आच्छादित किया जा सके। जाहेरस्थान एवं आदिवासी संस्कृति कला केन्द्र योजना कार्य में तेजी लाते हुए दिनांक 17. 10.2023 तक प्रगति सुनिश्चित करने, भूमि हस्तांतरण संबंधी कार्रवाई में भी तेजी लाने का निदेश दिया गया ।
बिरसा आवास की समीक्षा में लम्बित कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। पोस्ट – मैट्रिक छात्रवृति को लेकर जिन विश्वविद्यालयों द्वारा छात्र-छात्राओं का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया है उसे संदेहास्पद मानकर अग्रेतर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।






