पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सोमवार को विधायक सरयू राय ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर सोन मंडप परिसर में चिल्ड्रेन पार्क की आत्मकथा पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक 40 पेज की है, जिसमें चिल्ड्रेन पार्क अपनी आत्मकथा बता रही है। सरयू राय ने बताया कि कोरोना काल के बाद एक समूह ने चिल्ड्रेन पार्क के उपस्करों को उठाकर, खेलकूद के उपकरणों को तोड़कर दूसरे स्थान पर ले जाने का प्रयास किया। जिसका विरोध स्थानीय लोगों ने किया। लेकिन चिल्ड्रेन पार्क को स्थानांतरित करने के दौरान स्वार्थी समूह ने चिल्ड्रेन पार्क के अंदर के उपकरणों का अंजर पंजर तोड़ दिया।
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने अपनी विधायक निधि से पुनः चिल्ड्रेन पार्क को विकसित करवाकर जिंदा कराने का प्रयास किया है। पुस्तक में चिल्ड्रेन पार्क अपने साथ ही सूर्य मंदिर परिसर से सटे आसपास सरकारी फंड व जनता की राशि से सरकारी जमीन पर स्थापित सरकारी परिसरों की अवैध कब्जे की भी दास्तान भी बयान कर रहा है। पुस्तक विमोचन में राम नारायण शर्मा, भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, चंद्रशेखर राव, विकास गुप्ता, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजू सिंह, हरे राम सिंह, एसपी सिंह, काशीनाथ प्रधान समेत कई उपस्थित थे।






