सड़कों के बेहतर रखरखाव को भर्ती जल्द: सीएम

बिहार | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ग्रामीण सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए अभियंताओं व तकनीकी कर्मियों की शीघ्र नियुक्ति करने को कहा है. वे 1 अणे मार्ग में ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क होने से आवागमन आसान होता है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि ग्रामीण पथों का बेहतर रखरखाव विभाग द्वारा ही कराएं. इसके लिए अभियंता स्थल निरीक्षण भी करें. हमारा उद्देश्य सिर्फ बेहतर सड़क व पुल-पुलियों का निर्माण कराना ही नहीं है बल्कि उसका अच्छे से मेंटेनेंस करना भी है. ग्रामीण सड़कों के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी. जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा करेंगे. अभियंता पर्थों के निर्माण व मेंटेनेंस के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करेंगे तो बेहतर सड़कों का निर्माण होगा और सड़कें मेंटेन भी रहेंगी. इससे खर्च में बचत होगी और लोगों को नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है. किए गए कार्यों को लोगों को बताएं, जिससे उन्हें पता चले कि राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधन से बेहतर ग्रामीण पथों का निर्माण कराया गया है. साथ ही उसकी देखभाल की जा रही है. इसके पहले ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने ग्रामीण सड़कों के निर्माण की योजनावार स्थिति एवं बिहार ग्रामीण पथ विभागीय अनुरक्षण नीति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लक्षित बसावटों में सम्पर्कता प्रदान करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना एवं अन्य राज्य योजना, ग्रामीण टोला सम्पर्क निश्चय योजना, ग्रामीण पथों के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य आदि कार्यों की अद्यतन जानकारी दी.

ये थे मौजूद उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त विवेक सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद चौधरी, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, सीएम के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई