जमशेदपुर। लौहनगरी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसको लेकर बुधवार को सूर्य मंदिर समिति की बैठक सूर्य मंदिर परिसर, सिदगोड़ा में सम्पन्न हुई। मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, गुंजन यादव मुख्यरूप से शामिल रहे। बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को पूरे भक्तिभाव एवं धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। जिसमें 5 से 7 सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिता में राधा कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता समेत एकल मटकी फोड़ आयोजित की जाएगी। वहीं, बैठक में मंदिर परिसर के छठ घाट तालाब में स्विमिंग पूल और शंख मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण कार्य योजना का समिति के सदस्यों ने एक स्वर में कड़ी निंदा की। इस दौरान मौजूद धर्मप्रेमियों की ओर से आगामी 2 सितंबर को जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्र में मशाल जुलूस निकालने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। वहीं, विकास कार्यों के नाम पर सनातन धर्म पर हमला और सूर्य मंदिर के सौंदर्य को बिगाड़ने वाली मानसिकता के विरोध में आगामी 4 सितंबर को सूर्य मंदिर समिति के तत्वावधान में जिला उपायुक्त कार्यालय पर विशाल प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि जब-जब महापर्व छठ पूजा का समय आता है, तब-तब पुर्वी के विधायक द्वारा सूर्य मंदिर के कार्यों में विघ्न डालने का कुत्सित प्रयास किया जाता है। कहा गया कि सूर्य मंदिर सनातन संस्कृति और आस्था के केंद्रबिंदु के रूप में स्थापित हुआ है। जहां वर्ष 2003 में जनता की मांग पर छठ घाट तालाब और शंख मैदान का निर्माण किया गया। परंतु कुछ लोगों की आंखों में सूर्य मंदिर की खूबसूरती खटक रही है।






