77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर टाटा मोटर्स का मुख्य समारोह टेल्को के सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में आयोजित किया गया.
टाटा मोटर्स के प्लांट हेड रवींद्र कुलकर्णी ने झंडा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इस अवसर पर टेल्को क्षेत्र के विभिन्न स्कूली टीमों द्वारा मार्च पास्ट एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया. टाटा मोटर्स सुरक्षा विभाग का मार्च पास्ट और कुत्तों का करतब आकर्षण का केंद्र रहा।
स्टेडियम में विभिन्न स्कूलों की टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। लिटिल फ्लावर स्कूल शीर्ष पर रहा, जबकि विवेक स्कूल, छोटा गोविंदपुर दूसरे और विद्या भारती चिन्मया स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रथम पुरस्कार राहरगोड़ा प्राथमिक विद्यालय, द्वितीय स्थान लिटिल फ्लावर स्कूल एवं तृतीय स्थान एबीएमपी स्कूल राहरगोड़ा को दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पिछले दिनों बर्लिन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली टेल्को कॉलोनी निवासी पूनम कुमारी को भी प्लांट हेड ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
प्लांट हेड ने कंपनी की गुणवत्ता, डिलीवरी, उत्पादकता, पर्यावरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कंपनी की उपलब्धि, उत्पादन और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। नए संसद भवन के गार्डन को टाटा मोटर्स बागवानी विभाग ने सजाया है। प्लांट हेड ने अपने संबोधन में बताया कि देश के नये संसद भवन में लैंडस्केप गार्डनिंग का काम टाटा मोटर्स द्वारा किया गया है. इस पर उन्होंने गर्व से कहा कि जहां टाटा समूह के वरिष्ठ प्रबंधन ने इस कार्य की सराहना की, वहीं भारत सरकार के सर्वोच्च अधिकारियों ने भी इसकी काफी प्रशंसा की है.






