जमशेदपुर: हाइवे पर हत्या के मामले में 3 गिरफ्तार, दो फरार

आरआईटी थाना पुलिस ने हाइवा चालक तिलक महतो हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

गिरफ्तार किये गये लोगों में संजय कुमार महतो, शहजादा आलम और मोहम्मद शारिक के नाम शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 7.56 बोर के 5 जिंदा कारतूस, एक मोटर बाइक और तीन अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद किये हैं.

एसपी विमल कुमार ने बताया कि 24 जुलाई को आरआईटी थाना क्षेत्र के काशीडीह रेलवे सुरंग के पास अज्ञात अपराधियों ने तिलक महतो की गोली मारकर हत्या कर दी थी. जिसके बाद एसडीपीओ हरविंदर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया.

टीम ने प्रोफेशनल तरीके से अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, इसमें दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

मुख्य आरोपी संजय कुमार महतो है. उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि अपने अपमान का बदला लेने के लिए उसने तिलक महतो की हत्या करायी है. उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले मृतक संजय कुमार महतो को गांव वालों के सामने सरेआम बेइज्जत करते हुए थूक चटवाया था. उसका बदला लेने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया है. तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

एसपी ने बताया कि शहजादा आलम और मोहम्मद शारिक हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं और दोनों के खिलाफ चांडिल के कपाली ओपी और जमशेदपुर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में कई मामले दर्ज हैं.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई