साकची शिव मंदिर में सैकड़ों कांवरियों ने भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
स्वर्णरेखा घाट से गाजे-बाजे के साथ निकली कांवर यात्रा, सांसद समेत कई हुए शामिल
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर स्वर्णरेखा नदी से भव्य कांवर यात्रा निकाली गई. कांवर यात्रा में स्टील सिटी सुरभि शाखा की महिलाओं के अलावे सैकड़ो शिव भक्त शामिल हुए. मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में सांसद बिद्युत बरण महतो मौजूद थे. उन्होंने सभी कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रावण मास पवित्र माह होता है. यह महीना भगवान भोलेनाथ को समर्पित रहता है. हर ओर उल्लास का वातावरण रहता है. सच्चे मन से की गई पूजा का फल अवश्य मिलता है. जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से कांवर यात्रा का आयोजन निःसंदेह उनकी धार्मिक भावनाओं को दर्शाता है. भगवान भोलेनाथ सभी कांवरियों की मनोकामनाएं पूरी करें.
इससे पहले सुबह 7 बजे सभी कांवरियां स्वर्णरेखा घाट, हाथी घोड़ा मंदिर के समीप एकत्रित हुए. वैदिक मंत्रोचार के साथ सभी ने नदी से पवित्र जल भरा. संकल्प लेकर सभी वहां से कतारबद्ध होकर साकची शिव मंदिर पहुंचे. इस दौरान रास्ते में भूत-बैताल बने लोगों ने नृत्य कर कांवरियों के मन में भक्ति का संचार किया. साकची शिव मंदिर पुहंचने के बाद सभी कांवरियों ने बारी-बारी से जलाभिषेक किया. मौके पर जिलाध्यक्ष मुकेश मित्तल, संतोष अग्रवाल, अरूण बांकरेवाल, सीए सुमित खंडेलवाल, समेत काफी संख्या में लोग शामिल हुए. कांवरियों की अत्यधिक भीड़ के कारण जलाभिषेक का कार्यक्रम दोपहर तक चलते रहा.।






