झारखंड में बढ़ेगी ठंड की कनकनी, दो दिनों में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा
राॅंची। झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहेगा।
राजधानी राॅंची में भी ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 और 27 नवंबर को राॅंची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 28 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री, जबकि 29 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 12 डिग्री रहने का अनुमान है। 30 नवंबर तक न्यूनतम तापमान बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
राॅंची, बोकारो, हजारीबाग, खूॅंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड में भी मौसम का इसी तरह का मिजाज देखने को मिल सकता है। सुबह और रात में ठंड का असर अधिक रहेगा, जबकि दिन में धूप से लोगों को राहत मिलेगी।






