माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज जमशेदपुर में सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के 77वें स्थापना दिवस समारोह में संस्थान के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, तकनीकी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी पहलों से देश में स्वदेशी तकनीक एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिल रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी का ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का मंत्र वैज्ञानिकों को अनुसंधान के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि पिछले सात दशकों से अधिक की यात्रा में इस संस्थान ने खनिज, धातु एवं पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण, विशेष धातुओं एवं नई तकनीकी सामग्रियों के विकास तथा औद्योगिक अपशिष्टों के पुनः उपयोग की दिशा में संस्थान का अनुसंधान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों के निर्माण में विशेष प्रकार की सामग्रियों की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वदेशी सामग्री एवं तकनीकों का विकास देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों का लाभ उद्योगों और समाज तक पहुँचे, ताकि औद्योगिक उत्पादन के साथ-साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
माननीय राज्यपाल ने युवा वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नए विचारों के साथ अनुसंधान करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला अपने अनुसंधान एवं तकनीकी उपलब्धियों से देश की वैज्ञानिक और औद्योगिक प्रगति में निरंतर योगदान देती रहेगी।






