वैकल्पिक सरसंघचालक डॉ. लक्ष्मण वासुदेव परांजपे : संगठन, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रेरणास्रोत

वैकल्पिक सरसंघचालक डॉ. लक्ष्मण वासुदेव परांजपे : संगठन, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रेरणास्रोत

*डॉ. हेडगेवार के परम सहयोगी, जिन्होंने उनके जेल प्रवास के दौरान संघ की बागडोर संभाली और संगठन विस्तार में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका*

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना और उसके प्रारंभिक विकास में अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है। इनमें डॉ. लक्ष्मण वासुदेव परांजपे का नाम विशेष सम्मान के साथ लिया जाता है। वे संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के निकट सहयोगी, विश्वासपात्र मित्र और कर्मठ स्वयंसेवक थे। वर्ष 1930-31 में डॉ. हेडगेवार के जेल जाने पर उन्होंने वैकल्पिक सरसंघचालक के रूप में संघ का दायित्व संभाला और संगठन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।डॉ. लक्ष्मण वासुदेव परांजपे का जन्म 20 नवम्बर, 1877 को नागपुर में हुआ था। उनका परिवार मूलतः महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के आड़ा गांव का निवासी था। उनका बचपन वर्धा में बीता। प्रारंभिक अंग्रेजी शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे नागपुर आ गए। यहां प्रसिद्ध नीलसिटी हाईस्कूल में अध्ययन किया। इसके पश्चात मुंबई के ग्रांट मेडिकल कॉलेज से एल.एम.एंड एस. की उपाधि प्राप्त कर वर्ष 1904 में नागपुर में चिकित्सा कार्य प्रारंभ किया।

बचपन से ही डॉ. परांजपे शारीरिक व्यायाम और अनुशासित जीवन के प्रति विशेष रुचि रखते थे। वे अपने मित्रों के साथ नियमित रूप से अखाड़े जाते और शारीरिक अभ्यास करते थे। डॉ. बी.एस. मुंजे के साथ वे लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के विचारों से प्रभावित थे। राष्ट्रभक्ति, संगठन और सामाजिक जागरूकता उनके जीवन के प्रमुख आधार थे।
वर्ष 1920 में नागपुर में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में स्वयंसेवकों की व्यवस्था का महत्वपूर्ण दायित्व डॉ. हेडगेवार और डॉ. परांजपे ने मिलकर संभाला था। इसी दौरान दोनों के बीच निकटता बढ़ी और यह मित्रता आजीवन बनी रही। डॉ. परांजपे के नेतृत्व में नागपुर कांग्रेस में तिलक समर्थक और राष्ट्रवादी विचारों वाले युवकों का एक समूह भी सक्रिय था।वर्ष 1923 में नागपुर में धार्मिक जुलूसों को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। मस्जिदों के सामने से बाजे-गाजे के साथ जुलूस निकालने पर आपत्तियां की जाने लगीं। इसके विरोध में स्थानीय हिंदू समाज ने पांच-पांच लोगों की टोलियां बनाकर ढोल-मंजीरे के साथ वारकरी परंपरा के अनुसार ‘दिंडी’ भजन गाते हुए जुलूस निकालना शुरू किया। 11 नवम्बर, 1923 को श्रीमंत राजे लक्ष्मणराव भोंसले के इसमें शामिल होने से लोगों का उत्साह बढ़ा। इस घटनाक्रम ने समाज में संगठन की आवश्यकता को और अधिक स्पष्ट किया।

वर्ष 1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के बाद डॉ. परांजपे पूरी निष्ठा से संघ कार्य में जुट गए। वे संघ के प्रत्येक कार्यक्रम में गणवेश पहनकर भाग लेते थे। मोहिते संघ स्थान पर आयोजित पहले संघ शिक्षा वर्ग की चिकित्सा व्यवस्था भी उन्होंने संभाली। आगे कई वर्षों तक संघ शिक्षा वर्गों में चिकित्सा विभाग का दायित्व निभाते रहे।वर्ष 1930-31 में जब डॉ. हेडगेवार ने जंगल सत्याग्रह में भाग लेने का निर्णय लिया, तब संघ अपनी प्रारंभिक अवस्था में था। उन्हें चिंता थी कि उनके जेल जाने से संगठन का कार्य प्रभावित न हो। इसलिए उन्होंने अपने विश्वस्त सहयोगी डॉ. परांजपे को संघ की जिम्मेदारी सौंप दी। डॉ. परांजपे ने इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने शाखाओं की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य रखा और संगठन विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए। इस दौरान उन्होंने नई शाखाएं प्रारंभ कराने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। वे डॉ. हेडगेवार से मिलने अकोला जेल भी जाते रहे। उनके जेल से लौटने पर संघ का दायित्व पुनः डॉ. हेडगेवार ने संभाल लिया।
डॉ. परांजपे केवल संघ कार्य तक सीमित नहीं रहे। भाग्यनगर (हैदराबाद) की मुक्ति के लिए हुए सत्याग्रह में भी उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई। उनका जीवन राष्ट्रहित, सामाजिक संगठन और सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।

22 फरवरी, 1958 को नागपुर में उनका निधन हो गया। यद्यपि वे आजीवन पर्दे के पीछे रहकर संगठन कार्य करते रहे, लेकिन संघ के प्रारंभिक इतिहास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. लक्ष्मण वासुदेव परांजपे का जीवन बताता है कि किसी संगठन की मजबूती केवल उसके संस्थापकों से नहीं, बल्कि उन समर्पित सहयोगियों से भी बनती है, जो कठिन समय में जिम्मेदारी संभालकर लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते हैं। उनकी जयंती पर ऐसे कर्मयोगी को विनम्र श्रद्धांजलि।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बीते एक-दो वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठाते आए हैं।