बिहार एसोसिएशन के 100 साल पूरे, 22 नवंबर से शुरू होगा शताब्दी समारोह
तीन दिसंबर को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे समापन, दस दिनों तक शहर में सजेगी बौद्धिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल
पंचायत के ‘बिनोद’ अशोक पाठक, कवि नीलोत्पल मृणाल और भोजपुरी गायक गोपाल राय होंगे मुख्य आकर्षण
जमशेदपुर। शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में पिछले एक शताब्दी से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे बिहार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने अपनी स्थापना के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए एसोसिएशन की ओर से 22 नवंबर से तीन दिसंबर तक शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समारोह की थीम ‘A Century of Service and Education – Building a Legacy, Shaping the Future’ रखी गई है। इस दौरान शहर में दस दिनों तक शैक्षणिक, बौद्धिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। समारोह का विधिवत समापन तीन दिसंबर को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की उपस्थिति में होगा।
शताब्दी समारोह में शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भागीदारी रहेगी। दिन में शिक्षा, युवा नेतृत्व, औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सरोकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा और बौद्धिक सत्र आयोजित होंगे। वहीं, शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्य, संगीत और मनोरंजन की प्रस्तुतियां होंगी।
समारोह को खास बनाने के लिए मनोरंजन और साहित्य जगत की कई चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद की भूमिका निभाकर देशभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अशोक पाठक मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं चिंतक नीलोत्पल मृणाल, भोजपुरी लोकगायक गोपाल राय और गायिका डिंपल भूमि अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कवि सम्मेलन में कवयित्री मणिका दुबे और कवि विकास बौखल भी अपनी रचनाओं से साहित्य प्रेमियों को आनंदित करेंगे।
औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर होगा मंथन
शताब्दी समारोह के दौरान जमशेदपुर के औद्योगिक विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर की औद्योगिक यात्रा, वर्तमान उपलब्धियों और आने वाले वर्षों में विकास की नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। साथ ही इस बात पर भी मंथन किया जाएगा कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य में जमशेदपुर को नई चुनौतियों और अवसरों के लिए किस तरह तैयार किया जाए।
इस सत्र में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरारमण, आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर सहित उद्योग जगत की अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और मीडिया की भूमिका पर चर्चा
शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत 28 नवंबर को शिक्षा को प्रगति की आधारशिला बनाने, शिक्षा के माध्यम से सशक्तीकरण, राष्ट्र निर्माण और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति प्रो. (डॉ.) डीके सिंह और एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधार वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
इसी दिन सूचना का अधिकार (आरटीआई) के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने में प्रिंट मीडिया की भूमिका पर भी परिचर्चा होगी। इसमें झारखंड के राज्य सूचना आयुक्त अनुज सिन्हा के साथ शहर के विभिन्न समाचार पत्रों के संपादक हिस्सा लेंगे।
वहीं, 30 नवंबर को स्कूली शिक्षा के संदर्भ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर विशेष चर्चा होगी। इस सत्र में विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति प्रो. (डॉ.) चंद्रभूषण शर्मा वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा 26 नवंबर को ‘युवा सोच और भविष्य का नेतृत्व’ विषय पर आईपीएस अधिकारी सौरभ और ऋषभ झा विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान युवाओं को नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
22 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या से आगाज, तीन दिसंबर को होगा समापन
शताब्दी समारोह की शुरुआत 22 नवंबर को शाम 5.30 बजे सांस्कृतिक संध्या के साथ होगी। इसमें गायिका डिंपल भूमि अपनी प्रस्तुति देंगी। 25 नवंबर को लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के बिनोद यानी अभिनेता अशोक पाठक कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण होंगे। 26 नवंबर को कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें साहित्य जगत की चर्चित हस्तियां अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगी।
29 नवंबर को भोजपुरी लोकगायक गोपाल राय अपनी गायकी से समां बांधेंगे। वहीं, एक दिसंबर को आधुनिक तकनीक के दौर में स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका और संभावनाओं पर विशेष सत्र आयोजित होगा। दो दिसंबर को भारतीय सशस्त्र सेनाओं के गौरवशाली अतीत और उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी।
समारोह का समापन तीन दिसंबर को शाम 5.30 बजे आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर बिहार एसोसिएशन की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, शिक्षा एवं समाज के प्रति उसके योगदान और भविष्य की योजनाओं को भी रेखांकित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पदाधिकारियों ने दी जानकारी
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के उपाध्यक्ष बीएन चौधरी, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह मानद सचिव डॉ. एसके सिंह, कोषाध्यक्ष विवेकानंद, संयुक्त सचिव अमरेश सिन्हा तथा सदस्य राजीव कुमार, डॉ. केके सिंह और भावेश कुमार उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने एसोसिएशन की एक सौ वर्षों की यात्रा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उसके योगदान और शताब्दी समारोह के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शहरवासियों, विद्यार्थियों, शिक्षाविदों और समाज के सभी वर्गों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।






