नंदनगर में 301 छठ व्रतियों के बीच निशुल्क सूप, नारियल और पूजन सामग्री का वितरण
समाजसेवी मोहन साव (पारस) ने किया आयोजन, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने छठ व्रतियों को दी शुभकामनाएं
जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नंदनगर, भुइयांडीह स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के समीप निशुल्क छठ पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को दोपहर एक बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी मोहन साव (पारस) की ओर से 301 छठ व्रतियों के बीच निशुल्क सूप, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्री का वितरण किया गया।
इस मौके पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण में भाग लिया और सभी व्रतियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पर्व में सभी लोग एकजुट होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं।
विधायक ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, समाजसेवी मोहन साव (पारस) ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर जरूरतमंद व्रतियों की सेवा और सहयोग करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस तरह के आयोजन से समाज में सेवा, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।





