पश्चिमी पूंजीवाद और साम्यवाद के विकल्प के रूप में भारतीय चिंतन पर आधारित आर्थिक दर्शन प्रस्तुत करने वाले दत्तोपंत ठेंगड़ी ने श्रमिकों, किसानों और युवाओं को राष्ट्रहित से जोड़कर भारतीय सामाजिक एवं आर्थिक आंदोलन को नई दिशा दी
भारत के सामाजिक, आर्थिक और श्रमिक आंदोलनों के इतिहास में दत्तोपंत ठेंगड़ी का नाम एक प्रखर विचारक, कुशल संगठनकर्ता और राष्ट्रसमर्पित कर्मयोगी के रूप में स्मरण किया जाता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति और चिंतन के आधार पर विकास का वैकल्पिक आर्थिक दर्शन प्रस्तुत किया। उनका विश्वास था कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके श्रमिकों, किसानों और सामान्य नागरिकों के परिश्रम में निहित होती है। उन्होंने मजदूर आंदोलन को वर्ग संघर्ष के बजाय राष्ट्रीय समन्वय और सामाजिक सद्भाव से जोड़ने का प्रयास किया।
दत्तात्रेय बापुराव ठेंगड़ी का जन्म 10 नवंबर 1920 को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी में हुआ था। उन्होंने नागपुर के मॉरिस कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की तथा नागपुर विधि महाविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की। किशोरावस्था में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए और राष्ट्रसेवा को जीवन का उद्देश्य बना लिया। वर्ष 1942 में संघ के प्रचारक के रूप में उन्हें केरल में संगठन कार्य का दायित्व मिला।
भारतीय मजदूर संघ : श्रमिक आंदोलन को नई दिशा
स्वतंत्रता के बाद भारतीय श्रमिक आंदोलन विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से प्रभावित था। ऐसे समय में ठेंगड़ी जी ने अनुभव किया कि मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रहित और औद्योगिक विकास से अलग नहीं किया जा सकता। इसी विचार के साथ 23 जुलाई 1955 को भोपाल में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की स्थापना की।उन्होंने मजदूरों और उद्योग प्रबंधन के बीच संघर्ष के स्थान पर संवाद, सहयोग और समन्वय का सिद्धांत प्रस्तुत किया। उनका प्रसिद्ध विचार था—”मजदूरों का औद्योगिकीकरण करो, उद्योगों का राष्ट्रीयकरण करो और राष्ट्र का श्रमिकीकरण करो।”
भारतीय मजदूर संघ का प्रेरक नारा बना—”देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम।” इसमें श्रमिकों के अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश भी समाहित था। उनका मानना था कि श्रमिक और उद्योग प्रबंधन राष्ट्र की आर्थिक प्रगति के सहभागी हैं।
किसान, युवा और समाज के लिए संगठन निर्माण
ठेंगड़ी जी की संगठनात्मक प्रतिभा केवल मजदूर आंदोलन तक सीमित नहीं रही। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रारंभिक वैचारिक एवं संगठनात्मक विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। किसानों को संगठित करने के लिए उन्होंने 4 मार्च 1979 को भारतीय किसान संघ की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई। उनका उद्देश्य किसानों को उनके अधिकारों, उचित कृषि मूल्य और आर्थिक स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना था।सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उन्होंने जातिगत भेदभाव और छुआछूत समाप्त करने तथा सामाजिक बंधुत्व स्थापित करने के लिए कार्य किया। वहीं, 22 नवंबर 1991 को स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता, घरेलू उद्योगों के संरक्षण और स्वदेशी उत्पादन की आवश्यकता को राष्ट्रीय विमर्श में प्रमुखता दिलाई।दत्तोपंत ठेंगड़ी 1964 से 1976 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। संसद में उन्होंने श्रमिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंधों का विरोध किया और लोकतंत्र समर्थक गतिविधियों में सक्रिय रहे।वे एक गंभीर अध्ययनशील लेखक और अर्थचिंतक भी थे। उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘द थर्ड वे’ और ‘कंज्यूमर सोवरेनिटी’ उल्लेखनीय हैं। उन्होंने पूंजीवाद और साम्यवाद, दोनों की सीमाओं का विश्लेषण करते हुए भारतीय दर्शन पर आधारित तीसरे आर्थिक मार्ग की अवधारणा प्रस्तुत की।उनके अनुसार अर्थव्यवस्था का उद्देश्य केवल उत्पादन और मुनाफा नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज, प्रकृति और राष्ट्र के बीच संतुलन स्थापित करना होना चाहिए। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा स्थानीय संसाधनों और श्रमशक्ति को सम्मान मिले, यही उनके आर्थिक चिंतन का मूल आधार था।
सादगी और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा
अनेक संगठनों के निर्माण और राष्ट्रीय जीवन में महत्वपूर्ण योगदान के बावजूद उनका व्यक्तिगत जीवन अत्यंत सादा रहा। व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और सुख-सुविधाओं के बजाय उन्होंने संगठन तथा राष्ट्रकार्य को प्राथमिकता दी। भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण सम्मान दिए जाने की घोषणा के बाद उन्होंने इसे स्वीकार करने से विनम्रतापूर्वक इनकार कर दिया। यह उनके वैचारिक आग्रहों और सिद्धांतनिष्ठा का परिचायक था।
14 अक्टूबर 2004 को पुणे में उनका निधन हो गया। हालांकि उनके विचार और संगठनात्मक योगदान आज भी भारतीय सामाजिक एवं आर्थिक विमर्श को प्रभावित कर रहे हैं।
आज जब भारत आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादन, स्थानीय उद्यमों और श्रमिक सम्मान की बात कर रहा है, तब दत्तोपंत ठेंगड़ी का चिंतन विशेष प्रासंगिक दिखाई देता है। उनका जीवन संदेश देता है कि श्रमिकों के अधिकार, उद्योगों की प्रगति और राष्ट्र की समृद्धि परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। उनका राष्ट्र-प्रथम का उद्घोष आने वाली पीढ़ियों को श्रमसम्मान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर प्रेरित करता रहेगा।






