दीपावली से पूर्व जिला उपायुक्त ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित

दीपावली से पूर्व जिला उपायुक्त ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित

पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम की पहल पर जिला प्रशासन ने आयोजित किया सम्मान समारोह

जमशेदपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के पावन पर्व से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर शहर के वीर शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त श्री राजीव रंजन (भारतीय प्रशासनिक सेवा) ने शहीद परिवारों को शॉल एवं मिठाई भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से सार्जेंट अशोक श्रीवास्तव एवं मिथिलेश सिंह ने अंगवस्त्र तथा जिला महामंत्री सुशील कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उपायुक्त महोदय का पूर्व सैनिकों की ओर से अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी शहीद परिवारों एवं सैनिक प्रतिनिधियों का परिचय कराया गया तथा पूर्व सैनिक सेवा परिषद की गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों से उपायुक्त महोदय को अवगत कराया गया।

उपायुक्त महोदय द्वारा सम्मानित किए गए शहीद परिवारों में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) के पिता, नायब सूबेदार नवीन चौधरी, शहीद किशन दुबे की माता श्रीमती जगमाया देवी, शहीद मनोज कुमार की पत्नी श्रीमती सुनीता कुमारी, शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी श्रीमती दुर्गावती देवी तथा शहीद पी. श्रीनिवास की पत्नी श्रीमती पद्मजा राव शामिल थीं।

इसके अतिरिक्त शहीद सिपाही गणेश हांसदा (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) एवं शहीद दिलीप बेसरा के परिवारों को घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) द्वारा उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन की ओर से ब्रजकिशोर सिंह, सुबोध कुमार, मिथिलेश सिंह, अशोक श्रीवास्तव, विजय त्रिपाठी, सतनाम सिंह, सत्येंद्र सिंह एवं दिनेश सिंह उपस्थित थे।

यह सम्मान केवल शहीद परिवारों का सम्मान नहीं, बल्कि भारतीय सेना की तीनों सेनाओं—थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना के उन वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई