विधायक मंगल कालिंदी से मिलने पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों को करना पड़ा इंतजार”
बुजुर्गो की सेवा मे समर्पित सामाजिक संस्था ‘जीवन ज्योति’ ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगशलाई विधान सभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी क़ो उनकी अनुपस्थिति मे उनके कार्यालय मे ज्ञापन सौंपकर देश के दूसरे राज्यों की तर्ज पर झारखंड में वरिष्ठ नागरिक पहचान पत्र जारी करने एवं बुजुर्गो के लिए मासिक पेंशन राशि तीन हज़ार मासिक /-रुपये उपलब्ध कराने की मांग की है | बुजुर्गों को सरकारी पहचान पत्र और सम्मानजनक सुविधाएं दिलाने की मांग अब धीरे धीरे राजनीतिक रंग लेने लगी है। इसी सिलसिले में ‘जीवन ज्योति’ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के जुगसलाई विधायक श्री मंगल कालिंदी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधायक द्वारा जीवन ज्योति के सदस्यों के लिए निर्धारित समय दिए जाने के बावजूद विधायक साकची स्थित कार्यालय में उपस्थित नहीं हो सके। उनसे मिलने पहुंचे संस्था के कई उम्रदराज बुजुर्ग सदस्य काफी देर तक विधायक के आने का इंतजार करते रहे। अंततः संस्था के महासचिव मनोज मिश्रा ने फोन पर विधायक से संपर्क कर बुजुर्गों की प्रतीक्षा की जानकारी दी। विधायक ने कार्यालय पहुंचने में असमर्थता जताते हुए आवेदन कार्यालय में जमा कराने को कहा और उठाये गए मुद्दे पर यथासंभव सार्थक प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
संस्था का सवाल है कि जब आंध्रा,हरियाणा, कर्नाटक और गोवा जैसे राज्यों में वरिष्ठ नागरिक पहचान पत्र की व्यवस्था है, तो झारखंड के बुजुर्ग इस सुविधा से पूरी तरह लाभान्वित क्यों नहीं हो पा रहे हैं? हरियाणा में लाखों पहचान पत्र जारी हो चुके हैं, वहीं कर्नाटक में भी वरिष्ठ नागरिकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आंध्रा मे बुजुर्गो क़ो प्रति माह 4 हज़ार रुपये खाते मे भेजे जा रहें है | जबकि झारखण्ड मे मात्र एक हज़ार रुपये |
इधर, शहर में भाजपा की रैली के दौरान कुछ नेताओं ने बुजुर्गों की समस्या की जानकारी पाकर मामले को भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू के पास ले जाने का सुझाव दिया।
संस्था के अध्यक्ष डाक्टर अरुण कुमार का कहना है कि बुजुर्गों का सम्मान किसी दल का राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अब सवाल है कि झारखंड के बुजुर्गों को उनका अधिकार कब मिलेगा? उन्हें आश्वासन नहीं, सम्मान और सुविधाओं की ठोस गारंटी चाहिए। आज के कार्यक्रम मे डाक्टर अरुण कुमार, मनोज मिश्रा, महेश चौबे,आर बी सहाय, विजय दास, एल बी प्रसाद, बी डी तिवारी, रबिन्द्र नाथ डे, अमर सिंह चौहान, विश्वजीत सिंह सहित बुजुर्ग सदस्य उपस्थित थे |





