डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में 12वीं ज्योति अंतरविद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन
जमशेदपुर, 5 नवंबर 2026
डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय 12वीं ज्योति अंतरविद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026–27 का समापन समारोह गुरुवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के वातावरण में संपन्न हुआ। 3 से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की कुल 25 टीमों के 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें बालिका वर्ग की 8, हाई स्कूल बालक वर्ग की 10 तथा प्लस टू बालक वर्ग की 7 टीमें शामिल थीं। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रूपा रानी तिर्की, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डी.बी.एम.एस. बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ के अध्यक्ष (लीगल, फाइनेंस एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर) डॉ. बी. चंद्रशेखर, चेयरपर्सन एवं एडमिनिस्ट्रेशन श्रीमती ललिता चंद्रशेखर, सचिव श्रीमती अनीता रामकृष्ण, कोषाध्यक्षा श्रीमती भुवना कृष्णन, संयुक्त सचिव श्रीमती उषा मालिनी एवं संयुक्त कोषाध्यक्षा श्रीमती पी. एस. अरुणा, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा, उप-प्रधानाचार्याएँ श्रीमती सुपर्णा रॉय एवं श्रीमती एस. शिरीन, खेल विभाग की समन्वयक श्रीमती सुप्रभा पांडा, ज्योति क्लब के कोऑर्डिनेटर श्री एंथनी रॉड्रिग्स, मॉडरेटर श्रीमती सना यासमीन मिर्जा एवं श्रीमती मौसमी सरकार, शिक्षिका श्रीमती रेणु मुंडा तथा शिक्षक श्री राकेश कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
डी.बी.एम.एस. बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण ही सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी उत्साह और खेल भावना के साथ भविष्य में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम
तीनों वर्गों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अंतिम परिणाम इस प्रकार रहे :
1. बालिका वर्ग
प्रथम स्थान (विजेता): डी.बी.एम.एस. इंग्लिश
द्वितीय स्थान (प्रथम उपविजेता): के.पी.एस. गम्हरिया
तृतीय स्थान (द्वितीय उपविजेता): के.पी.एस. मानगो
2. हाई स्कूल बालक वर्ग
प्रथम स्थान (विजेता): डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल
द्वितीय स्थान (प्रथम उपविजेता): सेंट मेरीज़ इंग्लिश स्कूल
तृतीय स्थान (द्वितीय उपविजेता): के.पी.एस. गम्हरिया
3. प्लस टू बालक वर्ग
प्रथम स्थान (विजेता): के.पी.एस. गम्हरिया
द्वितीय स्थान (प्रथम उपविजेता): एन.एम.एल. के.पी.एस.
तृतीय स्थान (द्वितीय उपविजेता): टारापोर एग्रीको
प्रत्येक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी उनके उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन खेल विभाग की समन्वयक श्रीमती सुप्रभा पांडा के कुशल नेतृत्व तथा खेल विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के सक्रिय सहयोग एवं समर्पण से संपन्न हुआ। ज्योति क्लब की मॉडरेटर श्रीमती सना यासमीन मिर्जा एवं श्रीमती मौसमी सरकार का भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तीन दिनों तक खिलाड़ियों के उत्साह, उमंग, अनुशासन और खेल भावना ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को नई दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।





