मानगो में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 64 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में चल रही थी नशे की खरीद-बिक्री, 4.93 ग्राम ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानगो थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 4.93 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से कुल 530 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई।
इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक (गु.-1), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद मानगो थाना पुलिस और सशस्त्र बल के साथ जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने रात करीब आठ बजे संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान एक शेड के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस बल को देखते ही दोनों युवक मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मनमीत सिंह (20 वर्ष), पिता गुरदीप सिंह, निवासी खानकाह, कुँवर सिंह रोड, मध्य विद्यालय के पास, ओलीडीह थाना क्षेत्र तथा आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोटी (24 वर्ष), पिता मृत्युंजय प्रसाद सिंह, निवासी आदर्श नगर रोड नंबर-4, डिमना रोड, ओलीडीह थाना क्षेत्र के रूप में हुई।
इसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में दोनों युवकों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मनमीत सिंह के पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर और 310 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोटी के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर और 220 रुपये नकद मिले। पुलिस ने दोनों के पास से बरामद कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन लगभग 4.93 ग्राम है, तथा 530 रुपये नकद को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मानगो थाना कांड संख्या 224/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(4) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(a), 17(b), 21(a), 22(b) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






