रांची। झारखंड सरकार राज्य में कार्यरत सहिया (आशा कार्यकर्ता), आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी बड़ी राहत देने की तैयारी कर रही है। सरकार इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के दायरे में लाने की योजना बना रही है। इसके तहत पात्र परिवारों को 15 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इस पहल से राज्य के लगभग 1.15 लाख परिवारों और उनके पांच लाख से अधिक सदस्यों को लाभ मिलने की संभावना है। प्रस्ताव लागू होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इन जमीनी कर्मचारियों के परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता मिल सकेगी





