मांग पत्र सौंपने के 24 घंटे के भीतर बागबेड़ा कॉलोनी में डोर-टू-डोर कचरा उठाव शुरू
पंचायत समिति सदस्यों के प्रयास से बहाल हुई सेवा, स्थानीय लोगों में हर्ष
जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी में पिछले करीब दो सप्ताह से बाधित डोर-टू-डोर कचरा उठाव की सेवा पंचायत समिति सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की पहल पर मांग पत्र सौंपने के 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को फिर से शुरू हो गई। कचरा संग्रह वाहन के परिचालन शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि सुबह शीतगोडा स्थित सूर्य मंदिर के समीप डिपो से कचरा संग्रह वाहन मंगवाकर उसमें सीएनजी गैस भरवाई गई। इसके बाद बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित हिलटॉप स्कूल के समीप से डोर-टू-डोर कचरा उठाव का शुभारंभ किया गया। पहले दिन रोड नंबर-1 और रोड नंबर-2 में कचरा उठाव पूरा किया गया। शनिवार को रोड नंबर-3 और रोड नंबर-4 में कचरा संग्रह करने का लक्ष्य है।
गौरतलब है कि कचरा उठाव बाधित होने से उत्पन्न समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश को मांग पत्र सौंपकर नियमित सेवा बहाल करने की मांग की थी।
पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा एवं बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कचरा संग्रह वाहन का नियमित परिचालन सुनिश्चित करना सभी का मुख्य उद्देश्य है। स्थानीय लोगों ने सेवा बहाल कराने के प्रयास के लिए पंचायत समिति सदस्यों के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा, अनिल सिंह, सुनील सिन्हा, समाजसेवी सोनू पंडित, सीनू राव एवं नीता श्रीवास्तव उपस्थित थे।






