चक्रधरपुर मंडल के सभी वीएनआर स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में अग्नि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अनिवार्य

चक्रधरपुर मंडल के सभी वीएनआर स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में अग्नि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अनिवार्य

प्रशिक्षण के बाद ही जारी होगा सुरक्षा प्रमाण पत्र, सिनी स्थित वीएनआर इंटर कॉलेज के 74 छात्र-छात्राओं ने लिया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

सिनी, चक्रधरपुर मंडल। रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत संचालित सभी वीएनआर स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में अग्नि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ही संबंधित स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा विभिन्न आपदाओं से बचाव के साथ अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की गई

रेल सिविल डिफेंस की टीम ने सिनी स्थित वीएनआर इंटर कॉलेज में अग्नि आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया। कार्यक्रम में रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को आग लगने की रासायनिक प्रक्रिया, आग के विभिन्न वर्गों तथा आग बुझाने की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित एवं सूझबूझ के साथ कार्य करने के उपाय बताए गए। कपड़ों में आग लगने पर ‘स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल’ विधि का प्रदर्शन कर उसके महत्व को समझाया गया। इसके साथ ही अग्निशमन उपकरणों के प्रकार, उनके उपयोग और आग पर काबू पाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रेशर टाइप ड्राई केमिकल पाउडर (DCP) फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। संतोष कुमार ने उपकरण चलाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया तथा छात्र-छात्राओं से इसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया, ताकि आपात स्थिति में वे अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से उपयोग कर सकें।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 74 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मौके पर कॉलेज के प्राचार्य नित्यानंद बेरा सहित विवेकानंद, संजय कुमार तिवारी, महेंद्र कुमार, शैलेश कुमार, गिरीश नंदन सिंह एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य नित्यानंद बेरा ने कहा कि अग्नि सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल से विद्यार्थियों के मन में आग लगने की स्थिति को लेकर व्याप्त भय कम हुआ है। इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थी आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक आत्मविश्वास के साथ उचित कदम उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि रेल सिविल डिफेंस द्वारा पावरपॉइंट एवं डिजिटल माध्यम से दी गई जानकारी भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी रही।

उन्होंने रेल सिविल डिफेंस की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यालय परिसर को अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रेल सिविल डिफेंस का उद्देश्य केवल आपदा के समय राहत एवं बचाव करना ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षण और जागरूकता के माध्यम से लोगों को आपदा से निपटने के लिए सक्षम बनाना भी है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई