टाटानगर में RPF-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 6 किलो गांजा के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन और रेल क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत RPF टीम टाटा और GRP टाटा को एक और बड़ी सफलता मिली है। मंडल सुरक्षा आयुक्त (RPF/CKP) एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात RPF टाटा एवं GRP टाटा की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान नरेंद्र सिंह (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह औरंगाबाद, बिहार का रहने वाला बताया गया है।
गांजा बरामद होने के बाद RPF और GRP की टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी थी। इसके साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए RPF की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन नार्कोस के तहत RPF और GRP की संयुक्त टीमें ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और रेलवे परिसर में संदिग्ध यात्रियों एवं सामान की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रेलवे के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है।
संयुक्त कार्रवाई में गांजा बरामद होने के बाद रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





