प्रेस विज्ञप्ति
5 अगस्त 2026
समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने आज क्षेत्र के सन शाइन कॉम्प्लेक्स एवं एट्रीयम सोसाइटी का दौरा कर स्थानीय निवासियों की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में सोसाइटी के लोगों ने मेयर के समक्ष जल जमाव, बिजली के पोल, साफ-सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने पाया कि बरसात के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित अभियंताओं एवं नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
सोसाइटी के निवासियों ने बिजली के पोल की स्थिति एवं उससे जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों को भी मेयर के समक्ष रखा। इस पर मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को समाप्त किया जा सके।
सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए मेयर ने नगर निगम के स्वच्छता शाखा के अधिकारियों को नियमित सफाई, कचरा उठाव, नालियों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने कहा कि “मानगो नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या हमारी प्राथमिकता है। नगर निगम केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेगा और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगा। जल जमाव, सफाई, सड़क, पेयजल एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें तथा प्रगति से मुझे नियमित रूप से अवगत कराएं।”
स्थानीय निवासियों ने मेयर के क्षेत्र भ्रमण एवं समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाने पर आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि नगर निगम के प्रयासों से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





