कोलकाता में इलाज के दौरान एमडी आफताब की मौत, बर्मामाइंस में सड़क जाम; परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

कोलकाता में इलाज के दौरान एमडी आफताब की मौत, बर्मामाइंस में सड़क जाम; परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती निवासी एमडी आफताब की मंगलवार को कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गई। गोली लगने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
आफताब की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर पहुंचे डीएसपी सुमित कुमार ने प्रदर्शन कर रहे बस्तीवासियों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान बस्तीवासियों ने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से अपने ही चाचा सहित अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने नशा मुक्ति अभियान से जुड़े लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अपराधी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं ताकि इलाके में दोबारा ऐसी घटना न हो।
डीएसपी सुमित कुमार ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला पुलिस और प्रशासन अपनी ओर से हर संभव कार्रवाई कर रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को दो दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे एमडी आफताब के शव को लेकर बर्मामाइंस थाना के समक्ष धरने पर बैठेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।
डीएसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर अपने-अपने घर लौट गए। इधर, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई