जमशेदपुर: झारखंड के जाने-माने उद्योगपति, आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रमुख एसके बेहरा ने कहा कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल पार्क में बन रहा पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक नई पहचान और धरोहर साबित होगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और बहुत जल्द इसे आम लोगों की सेवा के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
एसके बेहरा ने कहा कि किसी भी अस्पताल की सबसे बड़ी पहचान केवल अत्याधुनिक मशीनें नहीं होतीं, बल्कि वहां आने वाले मरीजों के साथ किया जाने वाला व्यवहार होता है। उनका उद्देश्य ऐसा अस्पताल विकसित करना है, जहां मरीज को प्रवेश करते ही आत्मीयता, विश्वास और सकारात्मक माहौल का अनुभव हो।
उन्होंने कहा, “यदि अस्पताल के रिसेप्शन में प्रवेश करते ही मरीज का 25 प्रतिशत तनाव कम हो जाए, डॉक्टरों और स्टाफ के सकारात्मक व्यवहार से 25 प्रतिशत राहत मिल जाए और शेष 25 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण इलाज से दूर हो जाए, तभी किसी अस्पताल की वास्तविक सफलता मानी जाएगी।”
बेहरा ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध होगी। राज्य से बाहर देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में कार्यरत कई अनुभवी चिकित्सकों ने भी यहां अपनी सेवाएं देने में रुचि दिखाई है। इससे झारखंड के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
औद्योगिक विकास के साथ आधारभूत संरचना भी हो मजबूत
एसके बेहरा ने कहा कि झारखंड की नई औद्योगिक नीति काफी सकारात्मक है, लेकिन उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के साथ-साथ सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर चिंता जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र राज्य की औद्योगिक राजधानी माना जाता है, लेकिन यहां की सड़कें बदहाल हैं। इसका असर उद्योगों की कार्यक्षमता के साथ-साथ आम नागरिकों पर भी पड़ रहा है।
जमशेदपुर में एयरपोर्ट समय की जरूरत
एसके बेहरा ने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक और व्यावसायिक शहर के लिए अपना एयरपोर्ट अब समय की आवश्यकता बन चुका है। उनका मानना है कि एयरपोर्ट बनने से उद्योग, व्यापार, निवेश, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी तथा शहर का समग्र विकास तेज होगा।
उन्होंने रांची-टाटा मार्ग की खराब होती स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण रांची एयरपोर्ट तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक समय लग रहा है। सरकार को इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए।
अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों, बेहतर प्रबंधन और मानवीय सेवा के माध्यम से झारखंड के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा तथा राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा।






