पोटका। पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड अंतर्गत जुड़ी गांव के निवासी मजदूर अजीत गोप का परिवार आधार कार्ड नहीं बनने के कारण गंभीर परेशानियों का सामना कर रहा है। परिवार के किसी भी सदस्य का आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता या पैन कार्ड नहीं है। इसका सबसे बड़ा असर उनकी चार बेटियों की शिक्षा पर पड़ा है। आधार के अभाव में रूपाली (15), शिवानी (8), जयंती (6) और जमुना (5) का जुड़ी मध्य विद्यालय में नामांकन नहीं हो सका, जिससे वे पढ़ाई से वंचित हैं।
अजीत गोप ने बताया कि वह ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कई बार घाटशिला और पोटका के आधार केंद्रों का चक्कर लगाने के बावजूद बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन सका। आधार नहीं होने से राशन कार्ड, बैंक खाता और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी नहीं बन पा रहे हैं, जिसके कारण परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहा है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष गोस्वामी ने कहा कि यह परिवार वर्षों से बदहाली में जीवन बिता रहा है। उन्होंने प्रशासन से बच्चों का तत्काल नामांकन कराने, आधार कार्ड बनवाने तथा परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) तनजीत कौर ने कहा कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने मध्य विद्यालय जुड़ी के प्रधानाध्यापक को निर्देश देने की बात कही, ताकि सभी बच्चियों का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित हो सके और उनकी शिक्षा बाधित न रहे।






