पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स STF ने साहिबगंज जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है. STF के अनुसार, अर्पिता का संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से संपर्क था.हालांकी अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. टीम ने बरहरवा थाना क्षेत्र के बेबतपुर ग्वालखोर गांव में छापेमारी कर अर्पिता को गिरफ्तार किया. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया गया. यह गिरफ्तारी बर्दवान थाना में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के तहत की गई है.
जाच कर रही है एसटीएफ की टीम
जांच एजेंसी अब अर्पिता के संपर्कों और संदिग्ध मॉड्यूल में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, उसे बर्दवान लाकर पूछताछ की जाएगी. इसके बाद अदालत में पेश किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस रिमांड की मांग भी की जा सकती है.
आरोपी हमीम मंडल को पुलिस पहले ही बर्दवान से गिरफ्तार कर चुकी है
बताया जा रहा है कि इस मामले के मुख्य आरोपी हमीम मंडल को पुलिस पहले ही बर्दवान से गिरफ्तार कर चुकी है. अर्पिता की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही हैं.फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियों की नजर पूरे संदिग्ध नेटवर्क पर बनी हुई है.






