जमशेदपुर: पंडित नोखे मिश्र मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में मिथिला सांस्कृतिक परिषद के नया गांव क्षेत्र के आजीवन सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को काशीडीह स्थित परिषद के महासचिव रवींद्र कुमार मिश्र उर्फ चंदन मिश्र के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2 अगस्त 2026 को होने वाले परिषद के चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में आजीवन सदस्यों ने भाग लिया। उपस्थित सदस्यों एवं अन्य सदस्यों की वैचारिक सहमति से निर्णय लिया गया कि परिषद के चुनाव में विभिन्न क्षेत्रों का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए योग्य एवं उपयुक्त उम्मीदवारों का समर्थन किया जाएगा। साथ ही समाज के विनम्र, कर्मठ, योग्य, समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को विजयी बनाने के लिए सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
बैठक में पंडित नोखे मिश्र मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा समाज के सभी सदस्यों को एक मंच पर संगठित करने के प्रयास की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में एकजुटता और सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय मिश्र ने की, जबकि आनंद मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।





