जमशेदपुर, 30 जुलाई 2026
डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल के कलाकृति सभागार में अंग्रेजी विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय इंटर हाउस स्पेलिंग बी प्रतियोगिता के फाइनल राउंड का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि जागृत करना, शुद्ध वर्तनी, समृद्ध शब्दावली, उच्चारण कौशल तथा प्रभावी भाषाई अभिव्यक्ति का विकास करना था।
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया था तथा इसका आयोजन विद्यालय के चारों हाउस—एमेरल्ड, सफायर, टोपाज़ एवं रूबी के मध्य किया गया। फाइनल राउंड से पूर्व विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रारंभिक चरणों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिनके आधार पर चयनित प्रतिभागियों ने अंतिम दौर में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं भाषाई दक्षता का प्रभावशाली परिचय देते हुए अपनी शब्द-संपदा और वर्तनी ज्ञान से सभी को प्रभावित किया।
विजेता प्रतिभागी इस प्रकार हैं—
ग्रुप ए: सफायर हाउस के श्रेष्ठ प्रकाश एवं देवांश यादव।
ग्रुप बी: एमेरल्ड हाउस के इरफान खान एवं क्योंन पात्रा।
ग्रुप सी: एमेरल्ड हाउस के कृतिका चंद्रा एवं रोनित कुंडू
ग्रुप डी: सफायर हाउस के प्रियब्रत एवं भौमिक साहू
संपूर्ण प्रतियोगिता अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्षा श्रीमती सुपर्णा राय के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा अंग्रेजी विभाग के सभी शिक्षकों के सक्रिय सहयोग एवं सुनियोजित प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की संयुक्त सचिव श्रीमती उषा मालिनी, कोषाध्यक्षा श्रीमती भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा श्रीमती पी.एस.अरुणा प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा, उपप्रधानाचार्या श्रीमती सुपर्णा राय एवं श्रीमती एस. शिरीन, कोऑर्डिनेटर श्रीमती बेनजीर गुलशन, श्रीमती मालिनी अशोक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने विजेता एवं सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा अंग्रेजी विभाग द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों की भाषाई प्रतिभा को निखारने का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।






