जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी को लेकर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, बोले- भव्यता से मनाया जाएगा जिला स्तरीय समारोह

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 523/2026
30 जुलाई 2026

गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह, सुबह 09:05 बजे झंडोतोलन

पूर्वी सिंहभूम जिला में स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह को गरिमामय और भव्यता से मनाने की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया है। पूर्वाह्न 09:05 बजे गोपाल मैदान में ध्वजारोहण होगा। इससे पूर्व, 14 अगस्त की पूर्व संध्या को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां देंगे । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला प्रशासन एवं प्रेस के प्रतिनिधियों के बीच जेआरडी स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में फ्रेंडली फुटबॉल मैच का होगा ।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को 14 अगस्त को उनके आवास जाकर शॉल/मिष्ठान्न प्रदान कर सम्मानित किया जाए। साथ ही, वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों को दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से प्रारंभ होकर 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ संपन्न होगा। 10 अगस्त का परेड पूर्वाभ्यास पुलिस लाइन में तथा अन्य सभी पूर्वाभ्यास गोपाल मैदान में होंगे। परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला/पुरुष), होमगार्ड, एनसीसी (महिला/पुरुष), स्काउट एवं गाइड, सीआरपीएफ की टुकड़ी को शामिल करने पर चर्चा की गई। मुख्य समारोह स्थल की तैयारी की जिम्मेदारी नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को दी गई है, जो एनडीसी व जुस्को प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई एवं रख-रखाव की जिम्मेदारी दी गई है। सुगम यातायात व्यवस्था, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की तैनाती के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत 15 अगस्त को जिला में ड्राई डे घोषित किया गया है।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम श्री अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त जेएनएसी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, डीएसपी ट्रैफिक समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई