Jamshedpur Aush Doctor News: अनुबंध आयुष चिकित्सकों ने विधायक सरयू राय से लगाई गुहार, नियमित चिकित्सकों के बराबर वेतनमान की मांग

Jamshedpur : ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ ग्रेजुएट्स ऑफ इंटीग्रेटेड मेडिसिन (एआईओजीआईएम) की रामगढ़ शाखा ने पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत अनुबंध आयुष चिकित्सकों को नियमित आयुष चिकित्सकों के समान वेतनमान देने की मांग की है।

रामगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. ऋतुराज सिंह की ओर से जारी ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड में एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत अनुबंध आयुष चिकित्सक लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित आयुष चिकित्सकों के बराबर वेतनमान नहीं मिल रहा है। संगठन का कहना है कि समान कार्य करने के बावजूद वेतन में असमानता न्यायसंगत नहीं है।

ज्ञापन में योजना सह वित्त विभाग के 7 जनवरी 2021 के पत्र का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि नियमित आयुष चिकित्सकों और एलोपैथिक चिकित्सकों के वेतन में समानता को उचित माना गया है। ऐसे में अनुबंध पर कार्यरत आयुष चिकित्सकों को भी समान वेतनमान दिया जाना चाहिए।

संगठन ने यह भी कहा कि पड़ोसी राज्यों में अनुबंध आयुष चिकित्सकों को बेहतर वेतनमान की व्यवस्था है, इसलिए झारखंड सरकार को भी इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

डॉक्टर रीना आजमी ने बताया कि आयुष डॉक्टरों को₹21000 प्रतिमाह तक सैलरी मिलती है। यह बेहद कम है। कई डॉक्टर पेशेंट की सेवा देने जाते हैं और महीने में ₹5000 तक का पेट्रोल ही खर्च हो जाता है। अन्य राज्यों में आयुष डॉक्टरों को अच्छा वेतनमान मिल रहा है। लेकिन, झारखंड में यह वेतन काफी कम है। इसलिए स्वास्थ्य मंत्री और सरकार को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। आयुष डॉक्टरों का कहना है कि गोलगप्पा, चाट-पकौड़ी आदि बेचने वाले भी उनसे ज्यादा 30 हजार से ₹40 हजार तक प्रति माह कमा लेते हैं।

आयुष चिकित्सकों ने विधायक सरयू राय से इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने और राज्य सरकार के समक्ष उनकी मांग रखने का आग्रह किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य), अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा वित्त विभाग को भी भेजी गई है। इस मौके पर डॉक्टर ऋतुराज के अलावा डॉक्टर रीना आजमी, डॉक्टर हिदायत, डॉक्टर शहबाज, डॉक्टर निगार तरन्नुम, डॉ उदय प्रकाश, डॉ अर्चना सिंह, डॉक्टर सविता कौसर, डॉक्टर जितेश मुंडा, डॉ राजेश, डॉक्टर संजीव, डॉक्टर पंकज शर्मा, डॉक्टर एस झा, डॉक्टर प्रशांत, डॉक्टर मिंटू, डॉक्टर नमिता झा, डॉक्टर किरण आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई