झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन और मानसून टर्फ के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), राॅंची ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है।

27 जुलाई को राॅंची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

28 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में भारी बारिश हो सकती है। रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा का असर देखने को मिलेगा।

29 और 30 जुलाई को भारी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई