पुराने MGM अस्पताल के पास दुकानदार से रंगदारी मांगने व आरोपी को जबरन छुड़ाने की कोशिश के मामले में दो FIR, जानें क्या है अंदर की बात

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के पुराने एमजीएम अस्पताल के पास चंडीनगर स्थित फर्नीचर दुकान के मालिक मिथुन शर्मा से चापड़ दिखाकर रंगदारी की मांग करने और पुलिस की जीप से आरोपी को जबरन छुड़ाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। एक एफआईआर रंगदारी मांगने के मामले में दुकानदार मिथुन शर्मा के आवेदन पर दर्ज हुई है। इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है। जबकि, कुछ अज्ञात के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हुई है।

 

दूसरी एफआईआर सीतारामडेरा थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक शंकर ठाकुर के आवेदन पर उन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है जिन्होंने पुलिस के चंगुल से एक नंदू लोहार को जबरन छुड़ाने की कोशिश की। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव भी किया। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।

 

रंगदारी मांगने के मामले में ये नामजद

रंगदारी मांगने के मामले में जो एफआईआर दर्ज हुई है, उसमें निर्मल नगर के रहने वाले दुकानदार मिथुन शर्मा के आवेदन पर नंदू लोहार, नंदू लोहार की मां शीला लोहार, नंदू लोहार की तीन बहनों, नंदू लोहार के तीन जीजा और नंदू लोहार की पत्नी को नामजद किया गया है।

धक्का मुक्की कर नंदू को छुड़ाने की नाकाम कोशिश के मामले में ये नामजद

Jamshedpur Extortion Case Police Detain Suspect Near Old MGM Hospital

Jamshedpur Extortion Case Police Detain Suspect Near Old MGM Hospital

पुलिस के साथ धक्का मुक्की वाले मामले में नंदू लोहार के अलावा, उसकी मां शीला लोहार, नंदू लोहार की दोनों पत्नियों पुष्पांजलि कर्मकार व माही कर्मकार, नंदू लोहार की बहन नंदिनी लोहार के अलावा उसके पति गोलू कर्मकार, नंदू लोहार की बहन मुस्कान कर्मकार, मुस्कान कर्मकार के पति राहुल पासवान और नंदू की मौसी पिंकी दास को नामजद किया गया है

 

 

मिथुन फर्नीचर के मालिक से मांगी थी 5000 रुपये की रंगदारी

गौरतलब है कि यह घटना सोमवार रात लगभग पौने 10 बजे की है। मिथुन फर्नीचर दुकान के मालिक मिथुन शर्मा ने पुलिस को फोन किया कि नंदू लोहार कई लोगों के साथ आया है और रंगदारी की मांग कर रहा है।  मिथुन शर्मा ने पुलिस को बताया कि दो साल से उनकी दुकान की मरम्मत का काम चल रहा है। इसी को लेकर नंदू लोहार उनसे पांच हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था। सोमवार की रात को जब वह दुकान पहुंचा तो उसके साथ छह-सात लोग थे। बताते हैं कि रंगदारी देने से मना करने पर दुकान में रखे फैन को उठा कर इसके पीछे वाले लोहे के रॉड नुमा हिस्से मिथुन पर हमला कर दिया। इस हमले को मिथुन ने हाथ से रोका तो उसे चोट आ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मिथुन शर्मा से पूछताछ की। इसके बाद, पुलिस ने चंडी नगर जाकर आरोपी नंदू लोहार को गिरफ्तार कर लिया और उसे जीप में बैठाने लगी। तभी नंदू लोहार के परिजन मौके पर पहुंचे और नंदू लोहार को जबरन जीप से खींचने लगे। पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का मुक्की की गई। पथराव भी किया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। नंदू लोहार को जेल भेजा जाएगा।

 

 

नंदू के परिजनों ने उठाई जांच की मांग

दूसरी तरफ, नंदू लोहार के परिजनों का कहना है कि मिथुन शर्मा ने इस मामले में फर्जी सूचना पुलिस को दी थी। मिथुन शर्मा नंदू लोहार और उनके लोगों को इस केस में फंसाना चाहता है। उनकी मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। गौरतलब है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है।

Leave a Comment