रात में सोते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार रात की है। जानो सामड अपने घर में जमीन पर सो रही थी। उसके पति सोमा सामड खटिया पर सो रहे थे। आधी रात के बाद करीब 2 बजे घर में एक जहरीला सांप घुस आया और उसने जानो के पैर में डंस लिया। सांप के काटते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार सुबह लगभग 9 बजे उसे चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन जहर का असर ज्यादा होने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। देर शाम इलाज के दौरान जानो की मौत हो गई। चिकित्सकों की कोशिश के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार को सदर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
बारिश में बढ़ रहे सांप काटने के मामले
बारिश के मौसम में जिले में सांप के काटने की घटनाएं बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से लोगों ने अपील की है कि ग्रामीण इलाकों में दवाओं और त्वरित उपचार की व्यवस्था और मजबूत की जाए, ताकि समय पर इलाज मिल सके और ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।






