प्रेस विज्ञप्ति
जमशेदपुर
जमशेदपुर पश्चिम के माननीय विधायक श्री सरयू राय के निर्देश पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने गोलमुरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इसी क्रम में आज जेडीयू गोलमुरी मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी थाना प्रभारी से मुलाकात कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
विधायक श्री सरयू राय ने क्षेत्र में चोरी, असामाजिक गतिविधियों एवं बढ़ते अपराध पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पार्टी पदाधिकारियों को पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया था। उनके निर्देश के आलोक में जेडीयू जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव एवं गोलमुरी मंडल अध्यक्ष श्री शमशाद खान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि गोलमुरी क्षेत्र के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, रात्रि पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जाए, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
जेडीयू नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और गोलमुरी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष श्री शमशाद खान, सुधीर जी, मनोज जी, प्रमोद जी, दशरथी जी, बी.के. सिंह जी, बलवंत जी, जसवंत जी, आशीष जी, आर.एस. चौधरी जी, बृजेश जी, शंभू जी सहित बड़ी संख्या में जेडीयू पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





