आदिवासी होमगार्ड महिला जवान को वेतन नहीं देना अमानवीय, सरकार तुरंत बकाया भुगतान करे, अन्यथा मंत्री आवास का होगा घेराव : आजसू

प्रेस विज्ञप्ति

जमशेदपुर, 18 जुलाई। आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने एमजीएम अस्पताल की सुरक्षा में तैनात एक आदिवासी होमगार्ड महिला जवान द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई पीड़ा को अत्यंत गंभीर बताते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभाग पर जमकर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली एक आदिवासी महिला जवान महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना झेल रही है। सरकार की लापरवाही ने उसे इस स्थिति में पहुंचा दिया है कि वह सोशल मीडिया पर अपनी व्यथा सुनाने और जान देने जैसी बातें करने को मजबूर हो गई है। यह किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्म की बात है।

अप्पू तिवारी ने कहा कि झारखंड सरकार आदिवासियों के हितों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन हकीकत यह है कि एक आदिवासी महिला होमगार्ड जवान अपने ही मेहनत की कमाई के लिए भटक रही है। इससे बड़ा विरोधाभास और क्या हो सकता है? यह सरकार गरीब, मजदूर और सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ अन्याय कर रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सभी होमगार्ड जवानों का लंबित वेतन तत्काल जारी नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आजसू पार्टी संबंधित मंत्री के आवास का घेराव करेगी तथा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। यदि किसी भी होमगार्ड जवान के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी राज्य सरकार और संबंधित विभाग की होगी।

आजसू पार्टी राज्य सरकार से मांग करती है कि सभी होमगार्ड जवानों के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए, भुगतान में हुई देरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मेहनतकश जवानों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जारीकर्ता:
अप्पू तिवारी
जिला प्रवक्ता, आजसू पार्टी
पूर्वी सिंहभूम

Leave a Comment