देवघर: बाबा नगरी देवघर के समग्र विकास को लेकर नगर निगम ने केंद्र सरकार के समक्ष बड़ी मांग रखी है. रविवार को नई दिल्ली में देवघर के मेयर रवि राउत ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर शहर के लिए विशेष वित्तीय पैकेज की मांग की.
इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम की पहचान माने जाने वाले शिवलिंग का आकर्षक फोटो फ्रेम केंद्रीय मंत्री को भेंट किया और देवघर की प्रमुख समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया. इस मुलाकात के दौरान मेयर ने शहर में लगातार बनी रहने वाली पेयजल संकट, जलापूर्ति व्यवस्था, सीवरेज, जलजमाव, ट्रैफिक प्रबंधन, कचरा निस्तारण और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. साथ ही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की लंबित राशि जल्द जारी करने का भी आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके.
देवघर मेयर रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि देवघर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम की नगरी है. जहां प्रतिदिन हजारों और श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के अनुरूप विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के विशेष सहयोग की आवश्यकता है.
उन्होंने देवघर के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे शहर की आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को नई पहचान मिलेगी. मेयर ने केंद्रीय मंत्री को श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की भी जानकारी दी और बताया कि नगर निगम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है.
बता दें कि 19 जुलाई को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के 11 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की. जिसमें देवघर के मेयर रवि राउत मुख्य रूप से शामिल रहे. अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि इस मुलाकात के बाद देवघर को केंद्र सरकार से विकास की कौन-सी नई सौगात मिलती है.






