जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 496/2026
सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील, गणना प्रपत्र भरने में बीएलओ करेंगे हरसंभव सहयोग
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्र प्राप्ति में तेजी लाने हेतु जिला के सभी मतदान केन्द्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वारा 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र तथा अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री सुबोध कुमार ने 49- जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के उन मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया, जहां गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी थी। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या 232, 233, 244, 247 एवं 248 सहित अन्य मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर विशेष शिविर की व्यवस्था, बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्य, गणना प्रपत्रों के संकलन तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री सुबोध कुमार ने 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बूथ संख्या 166, 167, 170, 171, 172, 173, 174, 175, 176, 177, 178, 179, 180, 267, 272 एवं 279 सहित अन्य कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बीएलओ द्वारा मतदाताओं को दिए जा रहे सहयोग तथा गणना प्रपत्रों के संकलन एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने मतदाताओं से भी संवाद कर गणना प्रपत्र भरने में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर 18 एवं 20 जुलाई को सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित विशेष शिविर में उपस्थित बीएलओ से सहयोग लेने की अपील की गई। उन्होने बताया कि शिविर में उपस्थित बीएलओ गणना प्रपत्र भरने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे अपना गणना प्रपत्र समय पर भरकर बीएलओ के पास जमा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का कार्य निर्धारित समयसीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
#Team PRD (East Singhbhum)






